अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के नेतृत्व में शासकीय आयुर्वेदिक कॉलेज के आयुष छात्रों ने स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। ग्वारीघाट स्थित आयुर्वेदिक कॉलेज से झंडा चौक तक पैदल मार्च निकाला गया। सैकड़ों छात्रों ने मुख्य चौराहे पर मानव श्रृंखला बनाकर सरकार के खिलाफ नारे लगाए। छात्रों ने बताया कि उन्हें अभी करीब 9,000 रुपए स्टाइपेंड मिल रहा है। उनकी मांग है कि इसे बढ़ाकर एलोपैथिक डॉक्टरों की तरह कम से कम 21,000 रुपए हर महीने किया जाए। आयुष डॉक्टरों का कहना है कि वे भी एलोपैथिक डॉक्टरों जैसी ही मेहनत और सेवाएं देते हैं। इसलिए उनके साथ यह भेदभाव गलत है। एबीवीपी प्रतिनिधियों ने साफ किया कि मध्य प्रदेश सरकार को एमबीबीएस छात्रों की तरह ही आयुष छात्रों का स्टाइपेंड भी बढ़ाना चाहिए। इस पैदल मार्च और मानव श्रृंखला में 150 से ज्यादा छात्र-छात्राएं शामिल हुए। छात्रों ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने जल्द उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया, तो आंदोलन और तेज होगा।

