शाजापुर जिले के सरकारी माध्यमिक स्कूल कांजा में पदस्थ शिक्षक हेमंत वैद्य को शिक्षक दिवस पर भोपाल में राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। मुख्यमंत्री, राज्यपाल और शिक्षा मंत्री की मौजूदगी में उन्हें प्रशस्ति पत्र, शाल-श्रीफल और 25 हजार रुपए की सम्मान राशि प्रदान की गई। गणित और विज्ञान के शिक्षक व स्कूल प्रभारी हेमंत वैद्य पिछले 10 साल से बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार कर रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में स्कूल के छात्रों ने ‘नेशनल मीन्स कम मेरिट स्कॉलरशिप’, ‘ओलंपियाड’ और ‘विज्ञान मेले’ जैसी राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में परचम लहराया है। उनके इन प्रयासों से कांजा के इस ग्रामीण स्कूल को पूरे प्रदेश में अलग पहचान मिली है। जनसहयोग से स्कूल को बनाया हाईटेक शिक्षक वैद्य ने पढ़ाने के साथ-साथ समाज के सहयोग से स्कूल की तस्वीर ही बदल दी। उनके प्रयासों से आज स्कूल में 7 किलोवाट का सोलर प्लांट, आधुनिक कंप्यूटर लैब, स्मार्ट बोर्ड, नया फर्नीचर और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे जैसी सुविधाएं मौजूद हैं। इसके अलावा वे डाइट (DIET) और राज्य स्तर पर रिसोर्स पर्सन के रूप में जिले के अन्य शिक्षकों को भी ट्रेनिंग दे चुके हैं। इन्हीं नए प्रयोगों के चलते उन्हें इस सर्वोच्च सम्मान से नवाजा गया है।

