रुदौली में 312 परिवारों को मिली बाढ़ राहत किट:1482 परिवारों को सहायता मिली, अपर जिलाधिकारी और MLA ने बांटे सामान

रुदौली में 312 परिवारों को मिली बाढ़ राहत किट:1482 परिवारों को सहायता मिली, अपर जिलाधिकारी और MLA ने बांटे सामान

अयोध्या जिले के रुदौली में बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत कार्य जारी है। शनिवार 5 सितंबर को तहसील रुदौली के पस्ता माफी गांव स्थित बाढ़ चौकी पर राहत किट बांटी गईं। इस सत्र में यह छठवीं बार राहत किट का वितरण था। विधायक रुदौली रामचंद्र यादव और अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अमित कुमार भट्ट की मौजूदगी में कुल 312 बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत किट दी गईं। यह राहत सामग्री सलेमपुर के 60, अब्बूपुर के 75, सरायनासिर मुजेहना के 100, मरोचा के 37, पसैया तटबंध के 28 और नेपुरा के 12 परिवारों को दी गई। राहत किट में आलू, प्याज, आटा, दाल, चावल, नमक, नहाने की बाल्टी और तिरपाल समेत कुल 26 तरह की चीजें शामिल थीं। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अमित कुमार भट्ट ने बताया कि रुदौली तहसील में अब तक कुल 1482 राहत किट बांटी जा चुकी हैं। इनमें 8 अगस्त को 125, 19 अगस्त को 225, 20 अगस्त को 284, 22 अगस्त को 386, 3 सितंबर को 150 और 5 सितंबर को 312 राहत किट शामिल हैं। प्रशासन लगातार बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचा रहा है। उप जिलाधिकारी रुदौली विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में पशुओं के लिए भी सहायता दी जा रही है। अब तक 803.5 क्विंटल भूसा बांटा जा चुका है। इसमें 9 अगस्त को 158.3 क्विंटल, 21 अगस्त को 208.8 क्विंटल, 29 अगस्त को 141 क्विंटल और 31 अगस्त को 295.4 क्विंटल भूसा शामिल है। विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि बाढ़ प्रभावित इलाकों का सर्वे हो चुका है। सर्वे के आधार पर सभी प्रभावित परिवारों को जल्द ही राहत सामग्री और पशुओं के लिए भूसा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रशासन की तरफ से राहत कार्य लगातार जारी हैं। इस मौके पर उप जिलाधिकारी विनोद कुमार गुप्ता, तहसीलदार विजय कुमार गुप्ता, ग्राम प्रशासक कैथी मांझा राम सदल और क्षेत्रीय लेखपाल नकछेद भारती, शहंशाह, शिव प्रताप, महेंद्र वर्मा भी मौजूद थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *