बैतूल के सारणी थाना क्षेत्र के पाथाखेड़ा चौकी अंतर्गत शोभापुर कॉलोनी में चोरों ने सोमवार को घर में सो रही 74 वर्षीय वृद्धा को निशाना बनाया। बदमाशों ने वृद्धा के हाथ से सोने के कंगन काटकर निकाल लिए और गले में पहनी सोने की चैन भी ले गए। कंगन काटने के दौरान वृद्धा के हाथ में चोट लग गई। घटना के बाद घर में खून बिखरा मिला। चोरी गए जेवरों की कीमत करीब 4 से 7 लाख रुपए बताई जा रही है। घटना रेलवे कर्मचारी नंदकुमार के घर की है। नंदकुमार पाथाखेड़ा की विकल कोयला खदान के GM कार्यालय में ATO के पद पर कार्यरत हैं। घटना के समय उनकी करीब 74 वर्षीय मां डी. गिरिजा घर के अंदर सो रही थीं। गले में पहनी चैन भी निकाल ली
बहू अनुराधा के अनुसार, चोरों ने घर के पीछे लगे दरवाजे को गैस कटर से काटकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद घर में सो रही वृद्धा के पास पहुंचे। बदमाशों ने उनके हाथ में पहने सोने के कंगन निकालने के लिए उन्हें काटा। कंगन काटने के दौरान वृद्धा के हाथ में चोट लग गई। इसके बाद चोर कंगन लेकर फरार हो गए। बदमाशों ने वृद्धा के गले में पहनी सोने की चैन भी निकाल ली। परिजनों के मुताबिक चोरी किए गए जेवरों की कीमत करीब 7 लाख रुपए बताई जा रही है। हालांकि पुलिस की जांच के बाद ही चोरी गए जेवर की कीमत स्पष्ट हो सकेगी। परिजन पहुंचे तो भाग गए बदमाश
घटना के दौरान वृद्धा की आवाज सुनकर परिजनों को इसकी जानकारी हुई। वे मौके पर पहुंचे तो बदमाश तब तक भाग चुके थे। घर के अंदर वृद्धा घायल हालत में थीं और आसपास खून बिखरा हुआ था। परिजनों के मुताबिक, वृद्धा काफी घबरा गई थीं और घटना के बाद लगातार रो रही थीं। शुरुआती तौर पर उन्हें यह समझने में भी समय लगा कि बदमाश घर में घुसकर उनके जेवर काटकर ले गए हैं। चोरों ने घर में प्रवेश करने के लिए पीछे के दरवाजे को काटने के साथ ही बाहर के दरवाजे का ताला भी तोड़ा। इससे पुलिस को आशंका है कि बदमाश घर में घुसने के बाद बाहर निकलने के लिए भी दरवाजे का इस्तेमाल कर सकते हैं। CCTV कैमरे लगे थे, लेकिन रिकॉर्डिंग नहीं मिली
घर में CCTV कैमरे लगे हुए हैं, लेकिन उनकी रिकॉर्डिंग सेव नहीं होने के कारण पुलिस को घर के कैमरों से बदमाशों का फुटेज नहीं मिल सका। अब पुलिस आसपास के घरों और रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग तलाश रही है, ताकि घटना के समय आसपास से गुजरने वाले संदिग्धों के बारे में जानकारी मिल सके। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पाथाखेड़ा चौकी और सारणी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिवार के लोगों से घटना की जानकारी ली। पुलिस अब बदमाशों के घर में प्रवेश करने के रास्ते, चोरी किए गए जेवरों और आसपास के CCTV फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। सारणी थाना प्रभारी जयपाल इवनाती ने बताया कि यह चोरी की घटना है। वृद्धा के हाथ से कंगन काटकर ले जाए गए हैं। कंगन काटने के दौरान ही उनके हाथ में चोट लगी है। घर के CCTV की रिकॉर्डिंग उपलब्ध नहीं हो सकी है। आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज तलाशे जा रहे हैं।

