सोनभद्र में बुधवार रात सांप के काटने से एक महिला की मौत हो गई। अनिता देवी (31) पत्नी अशोक गोंड अपने तीन बच्चों के साथ कच्चे मकान में चारपाई पर सो रही थीं। सांप के काटने के बाद परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक कराने के लिए ओझा के पास ले गए। काफी देर बाद हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मामला चोपन थाना क्षेत्र के पनारी ग्राम पंचायत के टोला पंचम खाड़ी का है। जानकारी के अनुसार, अनिता देवी रात में परिवार के साथ खाना खाने के बाद बच्चों को दूध पिलाकर चारपाई पर सो गई थीं। रात करीब 12 बजे जहरीले सांप ने उनके सीने पर काट लिया। दर्द होने पर वह चीखने लगीं, जिससे घर के अन्य सदस्य जाग गए। अस्पताल ले जाने के बजाय ओझा के पास पहुंचे सांप के काटने के बाद परिजन अनिता को तुरंत अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक के लिए ओझा के पास लेकर पहुंचे। काफी देर तक झाड़-फूंक चलती रही, लेकिन उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। उनकी स्थिति लगातार बिगड़ती गई। इसके बाद परिजन उन्हें चोपन अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद अनिता को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतका के जेठ रमेश कुमार ने बताया कि सांप ने पहले अनिता का दूध पिया और इसके बाद उन्हें काट लिया। सांप के काटने से तेज दर्द हुआ, जिससे उनकी नींद खुल गई और उन्होंने परिजनों को घटना की जानकारी दी। विशेषज्ञों के अनुसार, सांप के काटने की स्थिति में झाड़-फूंक में समय गंवाने के बजाय पीड़ित को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाना चाहिए।

