सोनभद्र में शाहगंज के बेलाटाड़ बाजार में श्री गणेश पूजा महोत्सव के समापन अवसर पर भव्य विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा देर शाम मुख्य बाजार से शुरू हुई और देर रात तक चलती रही। शोभायात्रा में हजारों की संख्या में महिला, पुरुष, युवतियां और बच्चे शामिल हुए। पूरा बाजार रंग-बिरंगी लाइटों, झालरों और डीजे की तेज धुन से गूंजता रहा। श्रद्धालु अबीर-गुलाल लगाकर नाचते-गाते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण फूलों और एलईडी लाइटों से सजा ट्रक रहा, जिस पर भगवान श्री गणेश जी की विशाल प्रतिमा विराजमान थी। ट्रक पर सवार आयोजक मंडल के सदस्यों द्वारा श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। महिलाओं की बड़ी भागीदारी इस शोभायात्रा की विशेष पहचान रही। कार्यक्रम को सफल बनाने में हरिवंश उर्फ राजू केशरी, विमलेश सिंह, रिंकू लाल, आलोक पटवा, मनोज केशरी, राजकुमार केशरी, विजय केशरी, विशाल, सुनील, प्रमोद पटवा, जुगलेश सोनकर और ग्रामवासियों, स्थानीय पूजा समिति, बेलाटाड़ और स्थानीय प्रशासन का विशेष सहयोग रहा। शोभायात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

