सोनभद्र में ट्रांसफार्मर रिपेयरिंग में देरी पर विधायक सख्त:बोले- ठेकेदारों की मिलीभगत से नहीं हो रहा काम, आज इनकी दवाई करूंगा

सोनभद्र में ट्रांसफार्मर रिपेयरिंग में देरी पर विधायक सख्त:बोले- ठेकेदारों की मिलीभगत से नहीं हो रहा काम, आज इनकी दवाई करूंगा

सोनभद्र में बारिश में खराब हुए ट्रांसफार्मरों की मरम्मत में देरी को लेकर सदर विधायक भूपेश चौबे ने बिजली विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाई। शनिवार शाम लोगों की शिकायतों पर विधायक छपका पावर हाउस स्थित ट्रांसफार्मर रिपेयर वर्कशॉप पहुंचे और मरम्मत कार्य का जायजा लिया। 150 ट्रांसफार्मर मरम्मत के इंतजार में निरीक्षण के दौरान वर्कशॉप में मरम्मत का काम धीमा मिला। बताया गया कि जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के करीब 150 खराब ट्रांसफार्मर वर्कशॉप में पड़े हैं। समय पर मरम्मत नहीं होने से ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित है। जन्माष्टमी के दौरान भी कई गांवों में ट्रांसफार्मर खराब होने से लोगों को अंधेरे में रहना पड़ा।
विधायक बोले- ठेकेदारों की मिलीभगत से हो रही देरी विधायक ने धीमे काम पर नाराजगी जताते हुए कहा, “ठेकेदारों की मिलीभगत से ट्रांसफार्मर निर्माण के काम में देरी हो रही है, इसलिए आज उनकी दवाई करूंगा।” उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि खराब ट्रांसफार्मरों की जल्द मरम्मत कर उन्हें संबंधित क्षेत्रों में लगाया जाए, ताकि लोगों को बिजली के लिए परेशान न होना पड़े।
तीन-चार दिन में व्यवस्था सुधारने का दावा बिजली विभाग के सहायक अभियंता सुधीर मल सिंह ने बताया कि बिजली लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण समस्या बढ़ी थी। उन्होंने कहा कि विधायक के निरीक्षण के बाद संबंधित स्तर पर पावर क्षमता बढ़ाने का लिखित आश्वासन दिया गया है। आगामी तीन से चार दिनों में व्यवस्था में सुधार किए जाने की बात कही गई है। अधिकारी ने बताया कि काम में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को खराब ट्रांसफार्मरों की मरम्मत में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *