सूने मकान में चोरी करने वाला नाबालिग अभिरक्षा में:सोने का मंगलसूत्र बरामद; नकदी खर्च करने की बात कबूली

सूने मकान में चोरी करने वाला नाबालिग अभिरक्षा में:सोने का मंगलसूत्र बरामद; नकदी खर्च करने की बात कबूली

सिवनी शहर के ललमटिया-मंगलीपेठ क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोड़कर हुई चोरी के मामले में कोतवाली पुलिस ने गुरुवार रात्रि नाबालिग चोर को अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 75 हजार रुपए कीमत का सोने का मंगलसूत्र बरामद किया है। पूछताछ में नाबालिग ने चोरी की वारदात करना स्वीकार किया है और बताया कि उसने चोरी की नकदी खर्च कर दी थी। पुलिस के अनुसार, ललमटिया, मंगलीपेठ निवासी राधा शुक्ला 10 अगस्त को सुबह लगभग 9:30 बजे अपने घर से बाहर गई थीं। शाम करीब 5:30 बजे जब वह वापस लौटीं, तो उन्होंने मकान का ताला टूटा हुआ पाया। घर के अंदर जाकर देखने पर आलमारी के लॉकर में रखा सोने का मंगलसूत्र और 3 हजार रुपए नकद गायब मिले। इसके बाद उन्होंने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मंगलसूत्र जब्त किया शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 178/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(3) और 305(A) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल के आसपास उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की जानकारी जुटाई। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को एक किशोर की गतिविधियों पर संदेह हुआ। पुलिस ने नाबालिग को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उसने सूने मकान में चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी किए गए 3 हजार रुपये में से नकदी खर्च कर दी गई थी, जबकि सोने का मंगलसूत्र उसके पास ही था। पुलिस ने मंगलसूत्र को जब्त कर लिया है। पुलिस ने घर को सूना न करने का अपील की पुलिस का कहना है कि शहर में सूने मकानों को निशाना बनाकर होने वाली चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे लंबे समय के लिए घर सूना छोड़ते समय पड़ोसियों को सूचित करें और मकान की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम करें। इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश तिवारी, प्रधान आरक्षक नवीन तिवारी और आरक्षक अजेन्द्र पाल और पंकज सोलंकी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *