Govinda statement Amid Sunita Ahuja Cheating Claims: बॉलीवुड के बेहतरीन डांसर गोविंदा पिछले कुछ समय से फिल्मों से ज्यादा अपनी निजी जिंदगी और पत्नी सुनीता आहूजा के साथ चल रहे पारिवारिक तनाव को लेकर चर्चा में हैं। सुनीता द्वारा सार्वजनिक मंचों पर लगाए गए आरोपों और जारी बयानबाजी के बीच आखिरकार गोविंदा ने एक कार्यक्रम के दौरान बयान दे डाला। गोविंदा ने न सिर्फ विवादों पर अपनी बात रखी, बल्कि जीवन में आगे बढ़ने और अपनी आने वाली फिल्मों से वापसी करने का संकेत भी दिया।
गोविंदा ने एकजुटता पर दिया बयान
मुंबई में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के मंच से लोगों को संबोधित करते हुए गोविंदा ने एकजुटता और अनुशासन का संदेश दिया। उन्होंने कहा, “हम सभी को एक-दूसरे का ख्याल रखना पड़ेगा। जिस वक्त यह आयोजन हो रहा है, तो यह समझें कि यह सिर्फ एक खेल (खेला) नहीं है। यह खेल से अलग बहुत सी ऐसी चीजें हैं, हमारे कार्यकर्ताओं की ऐसी बातें हैं जो आगे पहुंचती हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “हमें इस बात का ध्यान रखना है कि आगे निकलकर अपने देश की जो धारा है, जो संस्कृति और धारणा है, उसे कैसे आगे बढ़ाना है। संपूर्ण विश्व में हम कैसे आगे निकल सकते हैं, इस बात का पूरा ख्याल रखना है।”
“आसमान में बहुत सी बातें लिख दी गई हैं”
पत्नी सुनीता आहूजा के बयानों और हालिया विवादों पर परोक्ष रूप से बात करते हुए गोविंदा भावुक और गंभीर नजर आए। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा, “बहुत सी बातें आसमान में लिख दी गई हैं। मैं माई (ईश्वर/देवी मां) से प्रार्थना करता हूं कि वो सब क्लीन अप (सफाई) हो और गोविंदा उसे क्लीन अप कर पाए।
गोविंदा ने आगे कहा, “आप लोगों का सहयोग चाहिए, साथ चाहिए। ठीक वैसे ही सहयोग और साथ चाहिए जैसा हमेशा से मुझे मिलता रहा है। मैं आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद देता हूं कि सालों-साल आप लोगों का प्यार और सहयोग मुझे मिला है।” इस दौरान गोविंदा ने दही हांडी कार्यक्रम में डांस भी किया जो वायरल हो रहा है।
गोविंदा जल्द करेंगे बड़े पर्दे पर वापसी
निजी जीवन के तूफानों और मीडिया की हलचल के बीच गोविंदा अपने काम पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। उन्होंने अपने फैंस को खुशखबरी देते हुए बताया कि वह जल्द ही बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं। अपनी आगामी फिल्मों की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा, “पर्दे के पीछे आठ बड़े प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। फिल्म ‘दुनियादारी’ और इसके साथ ही दो और नई फिल्में आ रही हैं। बस आप लोगों का सहयोग चाहिए। गोविंदा आगे निकल पाए, आप सब ऐसी प्रार्थना कीजिए।”

