सीहोर में सीवन नदी पुल से ऊपर बह रही:24 घंटे में 4.4 इंच बारिश, शहर के कई इलाकों में सड़कों पर 2-2 फीट पानी

सीहोर में सीवन नदी पुल से ऊपर बह रही:24 घंटे में 4.4 इंच बारिश, शहर के कई इलाकों में सड़कों पर 2-2 फीट पानी

सीहोर जिले में पिछले तीन दिनों से बारिश का दौर जारी है। बुधवार देर रात और गुरुवार सुबह हुई तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ। जिला मुख्यालय में सीवन नदी उफान पर आ गई। हनुमान फाटक स्थित पुल के ऊपर से पानी बहने लगा, जिससे आवागमन बाधित हो गया। बुधवार देर रात करीब तीन घंटे तक तेज बारिश हुई। इससे शहर के कई इलाकों में पानी भर गया। इंग्लिशपुरा, फ्रीगंज, मेन बाजार, गंगा आश्रम, रानी मोहल्ला, नेहरू कॉलोनी, वाल्मीकि नगर और मछलीपुल की सड़कें जलमग्न हो गईं। कुछ स्थानों पर दो से तीन फीट तक पानी भर गया। निचले इलाकों में घरों और दुकानों के बाहर तक पानी पहुंच गया। 24 घंटे में सीहोर में 4.4 इंच बारिश भू-अभिलेख विभाग के आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार 13 अगस्त सुबह समाप्त हुए 24 घंटे में सीहोर शहर में 4.4 इंच बारिश दर्ज की गई। 1 जून से अब तक सीहोर में कुल 32.2 इंच बारिश हो चुकी है। इसी अवधि में इछावर में 0.7 इंच, श्यामपुर में 0.6 इंच, रेहटी में 0.3 इंच और आष्टा में 0.2 इंच बारिश दर्ज की गई। जिले में 1 जून से अब तक औसतन 26.3 इंच बारिश हुई है। पिछले साल इसी अवधि तक 26.5 इंच बारिश दर्ज की गई थी। जिले की सामान्य औसत बारिश 45.2 इंच है। अगले 24 से 48 घंटे बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश के मध्य भाग के ऊपर मजबूत चक्रवाती परिसंचरण और कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। मानसूनी ट्रफ लाइन भी प्रदेश के ऊपर से गुजर रही है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण सीहोर और आसपास के क्षेत्रों में बारिश हो रही है। अगले 24 से 48 घंटे तक जिले में मानसून सक्रिय रहने का अनुमान है। इस दौरान रुक-रुककर मध्यम से भारी बारिश और गरज-चमक हो सकती है। नदियों और नालों के उफान को देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। लोगों से उफान वाले पुल-पुलियों को पार नहीं करने और सतर्क रहने की अपील की गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *