बिलासपुर में पहली बार महिलाओं ने निकाली तिरंगा यात्रा:300-फीट लंबे तिरंगे के साथ सड़कों पर उतरीं;रिवर-व्यू में RPF बैंड ने बांधा देशभक्ति का समां

बिलासपुर में पहली बार महिलाओं ने निकाली तिरंगा यात्रा:300-फीट लंबे तिरंगे के साथ सड़कों पर उतरीं;रिवर-व्यू में RPF बैंड ने बांधा देशभक्ति का समां

देशभर के साथ प्रदेश में भी तिरंगा यात्रा निकालकर आजादी का जश्न मनाया जा रहा है। बुधवार को बिलासपुर में पहली बार भाजपा के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की कमान महिलाओं ने संभाली। बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला और उनकी टीम ने महिलाओं को इस अभियान का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी दी। बेलतरा विधानसभा की महिलाओं ने 300 फीट लंबे तिरंगे के साथ करीब ढाई किलोमीटर की तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं और आम महिलाओं के साथ स्काउट-गाइड, एनसीसी और एनएसएस के सदस्य भी शामिल हुए। विधायक सुशांत शुक्ला और पुरुष कार्यकर्ता महिलाओं के पीछे चलते रहे। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में नगर निगम के 7 वार्डों में महिला पार्षद हैं। इसके अलावा भाजपा की महिला नेत्रियां और कार्यकर्ता भी सक्रिय हैं। इसी को देखते हुए विधायक ने महिलाओं से यात्रा का नेतृत्व कराने का फैसला लिया। महिलाओं ने भी उत्साह के साथ जिम्मेदारी संभाली। यात्रा राजकिशोर नगर चौक से शुरू होकर लिंगियाडीह चौक स्थित भारतमाता चौक पहुंची। यहां पूजा-अर्चना के बाद यात्रा का समापन किया गया। हर घर तिरंगा अभियान के तहत रिवर व्यू में देशभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। रेलवे सुरक्षा बल के बैंड ग्रुप ने देशभक्ति गीतों की धुनों पर शानदार प्रस्तुति दी। कार्यक्रम की शुरुआत ‘वंदे मातरम’ से हुई। इसके बाद ‘दिल दिया है, जान भी देंगे ऐ वतन तेरे लिए’ और ‘ऐ मेरे वतन के लोगों’ जैसे गीतों ने माहौल को देशभक्ति से भर दिया। देखिए पहले ये तस्वीरें- जगह-जगह हुआ स्वागत, महिलाओं ने की पुष्पवर्षा ढाई किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा की पूरी जिम्मेदारी महिलाओं ने संभाली। महिलाओं ने 300 फीट लंबा तिरंगा तैयार कराया और यात्रा के दौरान जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। अब तक जिले और अन्य इलाकों में पुरुष ही तिरंगा अभियान का नेतृत्व करते रहे हैं। बेलतरा में पहली बार महिलाओं को नेतृत्व सौंपा गया, जिसकी खूब चर्चा रही। MLA सुशांत बोले- मातृ शक्ति की सहभागिता से ऐतिहासिक बनी तिरंगा यात्रा बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि तिरंगा यात्रा का नेतृत्व मातृ शक्ति ने किया। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में महिलाओं का सड़क पर उतरना देश के प्रति उनके सम्मान, समर्पण और राष्ट्रभक्ति को दर्शाता है। यह दृश्य आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणादायक है। भारत माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ यात्रा का समापन हुआ। महिलाओं ने जिस उत्साह के साथ तिरंगा यात्रा का नेतृत्व किया, वह पूरे बेलतरा विधानसभा के लिए गर्व की बात है। रिवर व्यू में RPF बैंड ने बांधा देशभक्ति का समां हर घर तिरंगा अभियान के तहत स्वतंत्रता दिवस से पहले बुधवार को रिवर व्यू में देशभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और RPF के संयुक्त आयोजन में रेलवे सुरक्षा बल के बैंड ने देशभक्ति गीतों की धुनों पर शानदार प्रस्तुति दी। कार्यक्रम की शुरुआत ‘वंदे मातरम’ से हुई। इसके बाद ‘दिल दिया है, जान भी देंगे ऐ वतन तेरे लिए’ और ‘ऐ मेरे वतन के लोगों’ जैसे गीतों ने माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। स्वतंत्रता दिवस से पहले मना जश्न-ए-आजादी आरपीएफ के बैंड ग्रुप ने एसके पॉल की अगुवाई में इंस्ट्रूमेंट के जरिए देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। वंदे मातरम गीत की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में तिरंगे के सम्मान और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का संदेश दिया गया। महापौर पूजा विधानी ने कहा कि तिरंगा उन स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और कुर्बानी की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। आजादी हमारे लिए अधिकार के साथ-साथ वीर शहीदों से मिली अनमोल विरासत भी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, पानी बचाने और शहर को साफ रखने के लिए लोगों को जागरूक करना भी राष्ट्र सेवा है। जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्र और तिरंगे के प्रति सम्मान व जिम्मेदारी का संदेश देता है। नगर निगम सभापति विनोद सोनी ने कहा कि तिरंगा देश की शान है। असंख्य कुर्बानियों के बाद मिली आजादी का सम्मान करते हुए हर घर में तिरंगा शान से लहराना चाहिए। युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहने की अपील एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि आजादी अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, साहस और बलिदान से मिली है। तिरंगा उनके सपनों और देश की एकता-अखंडता का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से महापुरुषों को अपना आदर्श मानकर सच्चाई के रास्ते पर चलने, मेहनत से करियर बनाने, कानून का पालन करने और नशे से दूर रहने की अपील की। जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस वीर सपूतों के लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। कार्यक्रम में एसडीएम मनीष साहू, निगम अपर आयुक्त खजांची कुम्हार, आरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेंट सैयद निहाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *