सीहोर में पचामा स्थित ढाबे के पास रविवार देर रात हुए सड़क हादसे में मंडी निवासी कपिल राठौर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी मितेश राठौर घायल हो गया। हादसे के बाद मितेश ने पुलिस के सामने आरोप लगाया कि यह सामान्य सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि विवाद के बाद पीछा कर कार से बाइक को टक्कर मारने की घटना है। पुलिस मामले को हादसा या हत्या, दोनों एंगल से जांच रही है। घटना के बाद सोमवार को मृतक के परिजन और क्षेत्र के लोग कोतवाली पहुंचे। यहां लोगों ने आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। घायल मितेश ने पुलिस और मीडिया को घटना से जुड़ी जानकारी दी। ढाबे पर विवाद के बाद दी गई धमकी का आरोप मितेश के मुताबिक, रविवार देर रात ढाबे पर धर्मेंद्र, ओमदीप और उनके साथ मौजूद कुछ लोग वहां युवकों को धमका रहे थे। साउंड बंद कराने को लेकर विवाद हुआ। मितेश और अनमोल ने बीच-बचाव कर उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन विवाद बढ़ गया। मितेश का आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने कपिल और उसे नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। वहां मौजूद राजा ने भी यह बात सुनी थी। खतरा देखते हुए उसने दोनों को अकेले जाने से मना किया था। चाचा को फोन कर बताई थी पूरी बात मितेश के अनुसार, विवाद बढ़ने पर कपिल ने अपने मोबाइल से उसके चाचा को फोन किया और पूरी घटना बताई। चाचा ने 15 से 20 मिनट में मौके पर पहुंचने की बात कही। कुछ देर तक स्थिति शांत रहने पर कपिल और मितेश बाइक से घर के लिए निकल गए। मितेश का आरोप है कि पचामा में बैंक ऑफ इंडिया के पास करीब 200 से 300 मीटर आगे एक कार ने उनकी बाइक के आगे गाड़ी लगा दी। इसके बाद दोनों ने बाइक आगे बढ़ा दी। राजपूत ढाबे के पास पीछे से मारी टक्कर मितेश के मुताबिक, राजपूत ढाबे के पास पीछे से आई कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। उसका आरोप है कि कार ओमदीप चला रहा था और उसमें 2-3 अन्य लोग भी सवार थे। टक्कर के बाद दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर गए। कपिल के सिर में गंभीर चोट लगी। मितेश के अनुसार, वह मौके पर ही बेसुध हो गया। इसके बाद कार सवार वहां से निकल गए। घायल मितेश को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे ने बताया कि शॉर्ट पीएम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीएसपी अभिनंदना शर्मा ने बताया कि मामले में मर्ग कायम किया गया है। यह हादसा है या हत्या, इसकी जांच की जा रही है। एफएसएल और पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

