सीतापुर के कोतवाली देहात क्षेत्र के बेलही गांव में बुधवार देर रात 12:30 बजे माता-पिता के साथ बेड पर सो रही तीन वर्षीय मासूम बच्ची को सांप ने डस लिया। सांप के काटने के बाद बच्ची की हालत बिगड़ने लगी। परिजन पहले गांव में झाड़-फूंक कराते रहे। हालत गंभीर होने पर गुरुवार सुबह करीब 4:15 बजे बच्ची को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार बेलही गांव निवासी सतीश की तीन वर्षीय बेटी गायत्री बुधवार रात अपनी मां और पिता के साथ बेड पर सो रही थी। देर रात अचानक कहीं से सांप बेड पर चढ़ गया और बच्ची को डस लिया। बच्ची के पिता सतीश के मुताबिक, रात में जब उन्हें ठंड महसूस हुई तो उन्होंने सिर के पास रखा कंबल उठाने का प्रयास किया। इसी दौरान कंबल के पास सांप उनके हाथ में आ गया। सांप दिखाई देते ही उन्होंने उसे झटककर दूर फेंक दिया। इसके कुछ देर बाद बच्ची को उल्टियां होने लगीं। सांप के बेड पर आने और बच्ची की हालत बिगड़ने के बाद परिजनों को उसके सांप के डसने का शक हुआ। इसके बाद परिवार के लोग बच्ची को लेकर गांव में झाड़-फूंक कराने लगे। इस दौरान उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई। परिजनों के अनुसार बच्ची की स्थिति गंभीर होने पर गुरुवार सुबह करीब 4:15 बजे उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। परिवार में कोहराम मच गया वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद गायत्री को मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

