सीतापुर में मंगलवार सुबह से शुरू हुई बारिश बुधवार को भी रुक-रुककर जारी रही। लगातार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूलों में अवकाश बढ़ा दिया है। जिलाधिकारी राजा गणपति आर के निर्देश पर बेसिक शिक्षा अधिकारी गोरखनाथ पटेल ने गुरुवार, 3 सितंबर 2026 को नर्सरी से कक्षा 8 तक के विद्यालय बंद रखने का आदेश जारी किया है। इसके साथ ही इन कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए जिले में लगातार तीसरे दिन स्कूल बंद रहेंगे। बीएसए कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार अवकाश जिले के नर्सरी से कक्षा 8 तक के सभी परिषदीय, मान्यता प्राप्त और सहायता प्राप्त विद्यालयों पर लागू होगा। इसमें सीबीएसई, आईसीएसई समेत अन्य बोर्डों से संबद्ध विद्यालय भी शामिल हैं। शिक्षकों और कर्मचारियों को स्कूल पहुंचना होगा विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित होने के बावजूद शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को विद्यालय में उपस्थित रहना होगा। सभी कर्मचारी विद्यालय पहुंचकर विभागीय कार्यों का नियमानुसार निर्वहन करेंगे। बीएसए ने संबंधित अधिकारियों, खंड शिक्षा अधिकारियों और विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों व प्रबंधकों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन बारिश और नदियों के जलस्तर की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

