ललितपुर जिले में रुक-रुककर हो रही बारिश के चलते जामनी बांध में पानी की आवक बढ़ गई। पानी का स्तर बढ़ने पर बुधवार शाम बांध के गेट खोलकर पानी की निकासी शुरू की गई। इसके अलावा बारिश के कारण जिले के राजघाट, माताटीला, कचनौदा, भवानी और उटारी बांधों में भी पानी भर गया है। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
जिले में बुधवार रात करीब 9:30 बजे दोबारा बारिश शुरू हुई। करीब आधे घंटे तक हुई बारिश के बाद आसमान में बादल छाए रहे। इससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। पिछले दो दिनों से जिले में बारिश थमी हुई थी। बुधवार सुबह हल्की बारिश हुई थी, लेकिन इसके बाद दिनभर मौसम सूखा रहा। रात में फिर बारिश शुरू हो गई।
जामनी बांध में लगातार पानी की आवक होने के कारण बांध के गेट खोलकर पानी बाहर निकाला जा रहा है। मौसम विभाग ने गुरुवार 3 सितंबर को जिले में भारी बारिश होने की संभावना जताई है। बारिश को देखते हुए प्रशासन और संबंधित विभाग बांधों के जलस्तर पर नजर बनाए हुए हैं।

