हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के राखीगढ़ी स्थित ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक स्थल के प्रस्तावित दौरे को लेकर हांसी पुलिस अलर्ट हो गई है। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने राखीगढ़ी पहुंचकर कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हेलीपैड, पार्किंग, रूट प्लान, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी सुरक्षा प्रबंध समय रहते पूरे करने और ड्यूटी में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। अधिकारियों के साथ मीटिंग कर सुरक्षा को लेकर चर्चा एसपी ने अधिकारियों के साथ बैठक कर मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की। उन्होंने कार्यक्रम स्थल तक आने-जाने वाले रास्तों, वाहनों की पार्किंग और यातायात के सुचारू संचालन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के साथ आमजन को भी आवागमन में अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। हेलीपैड और रूट व्यवस्था पर विशेष फोकस पुलिस अधीक्षक ने हेलीपैड और निर्धारित रूट का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आपसी तालमेल से जिम्मेदारियां निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को उनकी ड्यूटी स्पष्ट रूप से समझाई जाए। सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जाए, ताकि किसी भी स्तर पर कमी न रहे। निरीक्षण के दौरान एसपी ने राखीगढ़ी के ऐतिहासिक किले का भी दौरा किया और प्रस्तावित कार्यक्रम से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इस अवसर पर डीएसपी नारनौंद देवेंद्र नैन, थाना प्रभारी नारनौंद सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

