सिद्धार्थनगर में पेड़ से लटका मिला महिला का शव:शाम को घर से निकलकर गई थी पोखरे पर, परिवार में कलह से थी परेशान

सिद्धार्थनगर में पेड़ से लटका मिला महिला का शव:शाम को घर से निकलकर गई थी पोखरे पर, परिवार में कलह से थी परेशान

सिद्धार्थनगर के चिल्हिया थाना क्षेत्र के टेकनार गांव में रविवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब 65 वर्षीय महिला का शव गांव के पोखरे के पास एक पेड़ से लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की पहचान सुन्नी देवी के रूप में हुई है। बताया गया कि वह रविवार शाम घर से गांव के पोखरे की ओर गई थीं। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने पोखरे के पास एक पेड़ पर उनका शव फंदे से लटका देखा। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों के अनुसार, सुन्नी देवी के चार बेटे और दो बेटियां हैं। सभी की शादी हो चुकी है। बताया जा रहा है कि परिवार में लंबे समय से आपसी विवाद चल रहा था। इसी पारिवारिक कलह को महिला के इस कदम से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। सूचना पर पहुंची चिल्हिया पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और परिजनों व ग्रामीणों से जानकारी जुटा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *