उज्जैन में सिंहस्थ 2028 के लिए चल रहे सड़क चौड़ीकरण और निर्माण कामों में नगर निगम अब रफ्तार और गुणवत्ता पर सख्ती करेगा। निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने गुरुवार को सिंहस्थ मार्गों और अमृत-2 सीवरेज प्लांट का निरीक्षण किया। पंचमुखी हनुमान मंदिर से जंतर मंतर रोड तक काम धीमा मिलने पर आयुक्त ने ठेकेदार पर 5 लाख रुपए का जुर्माना लगाने का निर्देश दिया। आयुक्त ने अधिकारियों और ठेकेदारों को साफ किया कि किसी भी काम की समय सीमा नहीं बढ़ाई जाएगी। जहां काम धीमा है, वहां और मजदूर व संसाधन लगाकर काम तेज किया जाए। गुणवत्ता से कोई समझौता न करने को भी कहा। आयुक्त ने डी-मार्ट से सिकंदरी एसआर-4 मार्ग का भी निरीक्षण किया। करीब 17 करोड़ रुपए से 1.5 किमी लंबा यह मार्ग 18 मीटर चौड़ा किया जा रहा है। जीवनखेड़ी-सिकंदरी एमआर-21 मार्ग भी देखा गया, जो 36 करोड़ रुपए से 2 किमी से अधिक लंबा और 30 मीटर चौड़ा हो रहा है। इन कामों को समय पर पूरा करने को कहा गया। पंचमुखी हनुमान से जंतर मंतर तक 10 करोड़ रुपए से 930 मीटर सड़क 18 मीटर चौड़ी हो रही है। यहां काम धीमा था और पर्याप्त मजदूर नहीं थे, जिस पर जुर्माना लगाया गया। आयुक्त ने अमृत-2 के सीवरेज प्लांट का भी निरीक्षण कर सभी सिंहस्थ कामों की लगातार निगरानी करने को कहा।

