ग्वालियर में ऊर्जा मंत्री के करीबी और सिंधिया समर्थक भाजपा नेता गुरुमुख करोसिया का विवादित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में हलचल मच गई। 4 मिनट 20 सेकंड के इस वीडियो में गुरुमुख दो महिलाओं का नाम लेते हुए उन्हें अपनी बर्बादी और मौत का जिम्मेदार बताते नजर आ रहे हैं। एक महिला का जिक्र करते हुए वह कहते हैं, ‘इसने मुझे प्यार के जाल में फंसाकर लाखों-करोड़ों रुपए खा लिए। मैंने इसकी जॉब लगवाई। वह एक अन्य महिला के संपर्क में आकर होटल में जाकर अनैतिक काम करने लगी है।’ वीडियो में वह यह भी कहते नजर आ रहे हैं कि उनकी मौत की जिम्मेदार ये दोनों महिलाएं होंगी। शुक्रवार रात वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। शनिवार (15 अगस्त 2026) को भाजपा नेता गुरुमुख करोसिया ने सामने आकर सफाई दी। उन्होंने इसे विरोधियों की ओर से उनकी राजनीतिक छवि धूमिल करने की साजिश बताया। उनका कहना है कि मोबाइल टेबल पर छूट गया था, इसी दौरान किसी ने मोबाइल से पुराना वीडियो निकालकर वायरल कर दिया। वायरल वीडियो में क्या था? ग्वालियर निवासी गुरुमुख करोसिया भाजपा नेता हैं और भाजपा के पूर्व कार्यकारिणी सदस्य रह चुके हैं। उन्हें ऊर्जा मंत्री का करीबी और सिंधिया समर्थक माना जाता है। शुक्रवार रात वायरल हुए 4 मिनट 20 सेकंड के वीडियो में वह एक महिला मित्र पर लाखों-करोड़ों रुपए खर्च करने और उसकी जरूरतें पूरी करने के बावजूद धोखा देने का आरोप लगा रहे थे। वीडियो में उन्होंने बिजली कंपनी में तैनात एक अन्य महिला पर भी अपनी महिला मित्र को बरगलाकर अनैतिक काम कराने का गंभीर आरोप लगाया। वह कहते हैं, ‘इस युवती ने मेरा सब कुछ लूट लिया, मेरा घर बर्बाद कर दिया। इसके प्यार के जाल में फंसकर मैंने क्या-क्या नहीं किया। जो चाहा, वह मैंने उसे दिलाया। इसके बाद भी उसने मुझे धोखा दे दिया।’ वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन भी हरकत में आया और मामले को संज्ञान में लेकर पड़ताल शुरू कर दी। 15 अगस्त को गुरुमुख करोसिया ने रखा पक्ष मामला तूल पकड़ने के बाद 15 अगस्त को गुरुमुख करोसिया ने मीडिया के सामने अपना पक्ष रखा और वीडियो से जुड़े आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि वायरल हो रहा वीडियो काफी पुराना है और अब गलत नीयत से प्रसारित किया जा रहा है। महिलाओं का ग्वालियर से संबंध नहीं: वीडियो में जिन दो महिलाओं के नाम लिए जा रहे हैं, उनका ग्वालियर से कोई संबंध या नाता नहीं है। मोबाइल छूटने का हवाला: उन्होंने बताया कि एक दिन पहले वे नगर निगम कार्यालय में बैठे थे। कुछ देर के लिए बाथरूम गए और मोबाइल टेबल पर ही भूल गए। राजनीतिक साजिश का आरोप: उनका कहना है कि वहां मौजूद किसी विरोधी ने मोबाइल से पुराना वीडियो निकालकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। छवि खराब करने की नीयत से वीडियो वायरल करने का आरोप गुरुमुख करोसिया ने कहा कि वायरल वीडियो का वर्तमान घटनाक्रम से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी राजनीतिक साख और छवि खराब करने के उद्देश्य से इसे साजिश के तहत लीक किया गया है। उन्होंने कहा कि इसके पीछे जो भी लोग हैं, उन्हें वह छोड़ेंगे नहीं। साथ ही उन्होंने दोहराया कि उनका उन महिलाओं से कोई संबंध नहीं है।


