डीग जिला मुख्यालय और आसपास के ग्रामीण इलाकों में पिछले दो दिनों से मूसलाधार बारिश हो रही है। लगातार बारिश से लंबे समय से पड़ रही उमस और भीषण गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली है। तापमान में गिरावट आने से मौसम सुहावना हो गया है। बाजारों और निचले इलाकों में जलभराव बारिश के बीच शहर के निचले इलाकों और मुख्य बाजारों में भारी जलभराव हो गया। इससे जनजीवन प्रभावित हुआ और लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। जलभराव की स्थिति ने नगर पालिका की व्यवस्थाओं और दावों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। खरीफ फसलों में आई नई जान ग्रामीण क्षेत्रों में हुई बारिश खरीफ की फसलों के लिए फायदेमंद साबित हो रही है। खासकर बाजरा, ज्वार, मूंग और ग्वार की फसलों को बारिश से काफी लाभ मिलेगा। तेज धूप के कारण मुरझा रही फसलों में पानी मिलने से नई जान आ गई है। किसानों को उम्मीद है कि यदि आने वाले दिनों में भी इसी तरह बारिश होती रही तो इस बार बंपर पैदावार हो सकती है। अगले 48 घंटे भारी बारिश की संभावना मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के प्रभाव से भरतपुर संभाग और डीग जिले में अगले 48 घंटों तक बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। पंपिंग सेट से पानी निकालने के निर्देश जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने आपदा प्रबंधन टीम को अलर्ट पर रखा है। उपखंड अधिकारी ने नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जलभराव वाले क्षेत्रों में पंपिंग सेट लगाकर तत्काल पानी की निकासी कराई जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।


