रायपुर के टिकरापारा इलाके में जीजा के सूने मकान से लाखों रुपए के गहने चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी कोई बाहरी नहीं, बल्कि प्रार्थी का सगा साला है। ऑनलाइन जुआ खेलने की लत के चलते उस पर काफी कर्ज हो गया था। इसे चुकाने के लिए उसने चोरी की योजना बनाई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 37 लाख रुपए कीमत के 25 तोला सोने के जेवर बरामद किए हैं। मामला लक्ष्मी नगर का है। अनिल शर्मा कृषि विभाग में तकनीकी विशेषज्ञ हैं और उनकी पोस्टिंग कोंडागांव में है। वे परिवार के साथ वहीं रहते हैं। रायपुर स्थित मकान के तीसरे तल पर उनका परिवार रहता है, जबकि पहली और दूसरी मंजिल पर उनके माता-पिता और बड़े भाई का परिवार रहता है। अनिल के मुताबिक, 28 अक्टूबर को घर की सफाई करने वाली महिला ताला लगाकर चाबी उनकी मां को सौंप गई थी। 30 अक्टूबर की सुबह मां ने फोन कर बताया कि मकान के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। रायपुर पहुंचने पर देखा कि कमरे की अलमारी और लॉकर भी टूटे हुए थे। उनमें रखे सोने, चांदी और हीरे के जेवरात के साथ नकदी गायब थी।
फुटेज के आधार पर उसकी पहचान अनिल के साले प्रियंक उर्फ शुभम पांडे (31) के रूप में हुई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में वह लगातार बयान बदलता रहा, लेकिन साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ करने पर उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। दो दिन बहन के घर रुका, तभी बनाई चोरी की योजना पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कुछ दिन पहले वह अपनी बहन के साथ जीजा के घर दो दिन रुका था। इस दौरान उसे पता चला कि अलमारी में सोने-चांदी और हीरे के जेवरात के साथ नकदी रखी है। उसे यह भी जानकारी थी कि उसकी बहन कोंडागांव चली गई है और मकान सूना है। इसके बाद उसने चोरी की योजना बनाई। वारदात के दिन दीवार फांदकर मकान में घुसा। अपने साथ लाई छोटी ग्राइंडर मशीन से दरवाजे की कुंडी और ताला तोड़ा। इसके बाद अलमारी का लॉकर तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी कर ली। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने शक से बचने के लिए कुछ जेवर वहीं छोड़ दिए और कपड़ों को व्यवस्थित कर अलमारी में रख दिया था। उसे उम्मीद थी कि इससे चोरी का पता तुरंत नहीं चलेगा। महासमुंद का रहने वाला है आरोपी पुलिस ने आरोपी प्रियंक उर्फ शुभम पांडे के कब्जे से चोरी के 25 तोला सोने के जेवर बरामद किए हैं। इनकी कीमत करीब 37 लाख रुपए बताई गई है। आरोपी मूल रूप से महासमुंद के कोतवाली थाना क्षेत्र के पंजाबी पारा का रहने वाला है। वर्तमान में वह रायपुर के टिकरापारा स्थित प्रिंस कॉलोनी में रह रहा था। उसके खिलाफ टिकरापारा थाने में धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी: प्रियंक उर्फ शुभम पांडे (31), पिता देवेंद्र पांडे, निवासी पंजाबी पारा, महासमुंद; वर्तमान पता प्रिंस कॉलोनी, लक्ष्मी नगर, टिकरापारा, रायपुर।

