साधु बनकर पूजा-पाठ के नाम पर ठगी करने वाले ग्वालियर के आरोपी को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले में एक नाबालिग भी पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 3 लाख रुपए कीमत के 17 ग्राम सोने के आभूषण और मोबाइल जब्त किया है। गिरोह के अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। मामला गंज थाना क्षेत्र के फाफाडीह स्थित जयलक्ष्मी कॉम्प्लेक्स का है। यहां रहने वाले जसवंत परमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि मार्च 2026 में तीन अज्ञात साधु उनके घर पहुंचे थे। आरोपियों ने उनकी पत्नी की बीमारी, आंखों की परेशानी और घरेलू समस्याओं के बारे में बातें बताकर भरोसा जीत लिया। इसके बाद पूजा-पाठ के नाम पर जेवर और नकदी लेना शुरू कर दिया। पहले अंगूठी ली, फिर चेन और दूसरे जेवर भी ले गए पीड़ित की पत्नी से आरोपियों ने पहली बार सोने की अंगूठी और नकदी ली। करीब 10-12 दिन बाद वे फिर घर पहुंचे और पूजा के बाद जेवर लौटाने का झांसा देकर सोने की चेन सहित दूसरे सोने-चांदी के आभूषण भी ले गए। आरोपियों ने महिला को धमकाया कि अगर उसने इस बारे में किसी को बताया तो परिवार के सदस्यों की मौत हो सकती है या कोई अनिष्ट हो सकता है। इस डर से महिला ने किसी को कुछ नहीं बताया। 7 सितंबर से फोन कर और जेवर मांगने लगे पुलिस के मुताबिक, 7 सितंबर से आरोपी लगातार फोन कर महिला से और जेवर व नकदी मांगने लगे। इससे महिला को शक हुआ कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है। आरोपियों ने न तो कोई पूजा-पाठ कराया और न ही पहले लिए गए आभूषण वापस किए। इसके बाद परिवार ने गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई।पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू की थी। मोबाइल नंबरों की जांच से ग्वालियर तक पहुंची पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विवेक शुक्ला और सहायक पुलिस आयुक्त दीपक मिश्रा ने आरोपियों को जल्द पकड़ने के निर्देश दिए। थाना प्रभारी दीपक पासवान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पीड़ित और उनकी पत्नी से पूछताछ की। इसके बाद आरोपियों के संपर्क में इस्तेमाल हुए मोबाइल नंबरों और महिला को फोन करने वाले अन्य नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने मध्यप्रदेश के ग्वालियर निवासी गुरुदयाल सिंह उर्फ दल्लू 22 और विधि से संघर्षरत एक बालक को पकड़ा। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गुरुदयाल ने अपने भाई और अन्य साथी के साथ मिलकर पूजा-पाठ का झांसा देकर ठगी करने की बात स्वीकार की। 17 ग्राम सोना और मोबाइल जब्त, अन्य आरोपी फरार पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17 ग्राम सोने के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल एक मोबाइल फोन जब्त किया है। इनकी कुल कीमत करीब 3 लाख रुपए बताई गई है। गिरफ्तार आरोपी गुरुदयाल सिंह उर्फ दल्लू, पिता भरत सिंह, निवासी नूरगंज सेवा नगर, थाना किला गेट, जिला ग्वालियर मध्यप्रदेश है। मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों ने साधु बनकर इसी तरह की दूसरी वारदातों को अंजाम तो नहीं दिया है।

