साइकिल चोरी होने से परेशान थी छात्रा:डीएम ने खुद बाजार ले जाकर दिलवाई साइकिल, तीन महीने से आने-जाने में हो रही थी परेशानी

साइकिल चोरी होने से परेशान थी छात्रा:डीएम ने खुद बाजार ले जाकर दिलवाई साइकिल, तीन महीने से आने-जाने में हो रही थी परेशानी

बरेली में साइकिल चोरी की शिकायत लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची छात्रा नीतू की समस्या सिर्फ रिपोर्ट दर्ज कराने तक नहीं रही। तीन महीने से साइकिल न होने के कारण पढ़ाई के लिए आने-जाने में परेशान हो रही 22 साल की नीतू को जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने नई साइकिल दिलाकर उसकी पढ़ाई जारी रखने में मदद की। आंवला थाना क्षेत्र के रामगंगा गोटिया की रहने वाली नीतू बरेली आईटीआई कॉलेज के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करती हैं। करीब तीन महीने पहले उनके हॉस्टल से साइकिल चोरी हो गई थी। साइकिल चोरी होने के बाद उन्हें कॉलेज आने-जाने में दिक्कत होने लगी। इसी समस्या को लेकर वह अपनी शिकायत लेकर डीएम कार्यालय पहुंचीं। नीतू ने जिलाधिकारी को अपनी पूरी परेशानी बताई। छात्रा की बात जानने के बाद डीएम ने उसके लिए नई साइकिल दिलाने का फैसला किया। वह अपने स्टाफ के साथ नीतू को बड़े बाजार ले गए और वहां से नई साइकिल खरीदवाई। इसके बाद डीएम ने अपने हाथों से छात्रा को साइकिल सौंपी। नई साइकिल मिलने के बाद नीतू के चेहरे पर खुशी साफ दिखी। उसने डीएम का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह पल वह हमेशा याद रखेगी। नीतू ने यह भी कहा कि भविष्य में जब वह कुछ बन जाएगी तो जरूरतमंद लोगों की इसी तरह मदद करना चाहेगी। नीतू के लिए नई साइकिल सिर्फ आने-जाने का साधन नहीं, बल्कि कॉलेज तक पहुंचने और पढ़ाई जारी रखने की सुविधा भी बन गई है। डीएम की इस पहल के बाद छात्रा को यह अपने लिए मदद के साथ-साथ भविष्य में जरूरतमंदों की मदद करने की प्रेरणा भी मिली।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *