सरगुजा संभाग के मुख्यालय अंबिकापुर में 26वीं राज्यस्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026 का शुभारंभ सांसद सरगुजा चिंतामणि महाराज के मुख्य आतिथ्य में किया गया। खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ सांसद चिंतामणि महाराज ने बास्केट में बाल डालकर किया गया। चार दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में बस्तर, बिलासपुर, दुर्ग, रायपुर और सरगुजा संभाग के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। शुभारंभ समारोह में छात्रों ने बिहू नृत्य, पारंपरिक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी। सांसद चिंतामणि महाराज ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेलों से जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने, निरंतर अभ्यास करने तथा खेल के क्षेत्र में आगे बढ़कर उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी पहचान बनाने का आह्वान किया। सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि हार-जीत तो जीवन का अभिन्न हिस्सा है। बेहतर खिलाड़ी वही है जो अच्छे खेल भावना के साथ अपना बेहतर प्रदर्शन करता है। जनप्रतिनिधियों ने किया खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, महापौर मंजूषा भगत सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने खिलाड़ियों को संबोधित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, लगन और मेहनत के साथ बेहतर प्रदर्शन करने तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए निरंतर अभ्यास करने का आह्वान किया। महापौर मंजूषा भगत ने विद्यार्थियों को स्वच्छ भारत अभियान के उद्देश्यों से जोड़ते हुए अपने शहर और गांवांे को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। कलेक्टर अजीत वसंत ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर वातावरण और अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने सभी संभागों के खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उनके बेहतर प्रदर्शन की कामना की। कार्यक्रम में मेजर अनिल सिंह जिपं सीईओ रोमा श्रीवास्तव, संयुक्त संचालक शिक्षा डॉ. राजेश सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। चार खेलों की विभिन्न वर्गों में होंगी प्रतियोगिताएं चार दिवसीय इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में फुटबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन और सॉफ्टबॉल टेनिस की प्रतियोगिताएं विभिन्न आयु वर्गों में आयोजित की जा रही हैं। खेल प्रतियोगिता में 215 छात्र और 245 छात्राएँ शामिल हो रही हैं। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए खिलाड़ी गुरूवार रात तक अंबिकापुर पहुंचे।

