उज्जैन से पेटलावद जा रही एक निजी यात्री बस गुरुवार दोपहर पंथ बराली के पास पलट गई। यह घटना सारंगी-पेटलावद मार्ग पर हुई। बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं, हालांकि दो यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस तेज रफ्तार में थी तभी सड़क पर सांप और गाय आ गए। उन्हें बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाया और स्टीयरिंग घुमा दी। इससे बस पर से नियंत्रण बिगड़ गया और वह सड़क से नीचे उतरकर खेत में पलट गई। दुर्घटना की आवाज सुनकर ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और यात्रियों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही डायल 112 और सारंगी चौकी प्रभारी दीपक देवरे टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मामूली घायल दो यात्रियों को सिविल अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने सुरक्षित यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया और क्षतिग्रस्त बस को हटाने की कार्रवाई शुरू की।

