प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से सहारनपुर में एक महीने तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलेगा। इस अभियान की शुरुआत गुरुवार शाम 7 बजे श्री जाहरवीर गोगा महाड़ी परिसर के स्वच्छ कुंड पर 11 हजार ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाकर की जाएगी। शहर के चार और मुख्य स्थानों पर भी बड़ी संख्या में दीये जलाए जाएंगे। बुधवार शाम 4 बजे नगर निगम के मां शाकंभरी सभागार में महापौर डॉ. अजय कुमार की अध्यक्षता में निगम अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। महापौर ने बैठक के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई। महापौर ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा और सुशासन के 25 साल पूरे होने पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक कई कार्यक्रम होंगे। इनमें ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’, ‘स्वच्छता में सहभागिता, स्वच्छ भारत विकसित भारत’, ‘सेवा संकल्प’ और ‘आशीर्वाद का दीया’ जैसे अभियान शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मकसद सरकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाना, स्वच्छता के लिए जागरूकता बढ़ाना और लोगों को राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है। 17 सितंबर की शाम 7 बजे शहर के पांच मुख्य स्थानों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा। इनमें श्री जाहरवीर गोगा महाड़ी स्थित स्वच्छ कुंड, मां शाकंभरी कान्हा उपवन गोशाला, श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर, कांशीराम कॉलोनी और रेलवे स्टेशन पर भगवान बुद्ध की प्रतिमा के आसपास का इलाका शामिल है। स्वच्छ कुंड पर 11 हजार दीये जलाने की तैयारी है। अभियान के पहले दिन सभी वार्डों में मोहल्ला समितियों और जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर श्रमदान किया जाएगा। लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाकर खास सफाई अभियान भी चलाया जाएगा। महापौर ने लोगों से अपने-अपने घरों में एक दीया जलाने की अपील की है। नगरायुक्त शिपू गिरि ने अधिकारियों को सभी वार्डों और नालों में खास सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने पेड़ों की कटाई-छंटाई कराने को भी कहा। उन्होंने पांचों दीपोत्सव स्थलों पर सफाई समेत सभी जरूरी इंतजाम समय पर पूरे करने के निर्देश दिए।

