सहारनपुर में एंटी करप्शन टीम ने मंगलवार शाम श्रम विभाग में संविदा पर तैनात सहायक लेखाकार अभिषेक मित्तल को 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। आरोप है कि शिशु योजना से जुड़ी फाइल आगे बढ़ाने और पास कराने के नाम पर पीड़ित से रकम मांगी गई थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन टीम से की थी। शिकायत की जांच के बाद टीम ने आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई। तय रकम देने के दौरान टीम ने अभिषेक मित्तल को मौके पर ही पकड़ लिया। अधिकारी के नाम पर मांगे गए थे रुपए एंटी करप्शन अधिकारियों के मुताबिक, मामले में दो लोगों की भूमिका सामने आ रही है। पीड़ित से जिस अधिकारी के नाम पर रकम मांगी गई थी, उसी अधिकारी ने फोन कर उसे पैसे अभिषेक मित्तल को देने के लिए कहा था। इसके बाद पीड़ित ने अभिषेक मित्तल को 5 हजार रुपए दिए। रकम लेते ही पहले से मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उसे पकड़ लिया। थाना सदर बाजार में कार्रवाई गिरफ्तारी के बाद टीम आरोपी को लेकर थाना सदर बाजार पहुंची। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि रिश्वत मांगने और लेने के मामले में किसी अन्य कर्मचारी या अधिकारी की भूमिका भी थी या नहीं। शिशु योजना की फाइल से जुड़ा है मामला पीड़ित का श्रम विभाग में शिशु योजना से संबंधित काम था। फाइल आगे बढ़ाने और पास कराने के लिए उससे 5 हजार रुपए मांगे गए थे। फिलहाल किस योजना के तहत फाइल थी और उसमें किस स्तर पर कार्रवाई होनी थी, इसकी विस्तृत जानकारी जांच के बाद सामने आएगी।

