सहारनपुर के गंगोह रोड पर मानकमऊ बड़ी नहर में बुधवार शाम करीब चार बजे एक महिला ने संदिग्ध हालात में छलांग लगा दी। नहर के तेज बहाव में महिला के कूदते ही वहां हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों ने शोर मचाकर पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही मानकमऊ चौकी प्रभारी कुलवंत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। महिला की पहचान सहारनपुर के गंगोह निवासी प्रवीण पत्नी सोनू के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बुधवार शाम करीब चार बजे मानकमऊ बड़ी नहर के पास अचानक महिला ने नहर में छलांग लगा दी। उस समय नहर में पानी का बहाव काफी तेज था। महिला को बहते हुए देखकर आसपास के लोग भी घबरा गए। पुलिस टीम ने बिना देर किए नहर में बचाव अभियान शुरू किया। तेज बहाव और मुश्किल हालात के बावजूद पुलिसकर्मियों ने हिम्मत दिखाते हुए महिला को पानी से बाहर निकाल लिया। महिला के पेट में पानी चले जाने के कारण उसकी हालत गंभीर थी। वह बेसुध थी। पुलिस ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। समय पर इलाज मिलने के बाद महिला की हालत में सुधार आया और उसकी सांसें सामान्य हो गईं। डॉक्टरों के मुताबिक, अब उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। महिला के सुरक्षित बचने के बाद पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दी। परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां पुलिस ने उन्हें घटना की जानकारी दी और हरसंभव मदद की। पुलिस के अनुसार, महिला ने किन हालात में यह कदम उठाया, इसकी वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। घटना के पीछे पारिवारिक विवाद, मानसिक दबाव या कोई और वजह थी, इसकी जांच की जा रही है। थाना कुतुबशेर पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर परिजनों से भी जानकारी इकट्ठा करना शुरू कर दिया है। चौकी प्रभारी कुलवंत सिंह ने बताया कि महिला के पूरी तरह ठीक होने के बाद उसका बयान दर्ज किया जाएगा। बयान के आधार पर घटना की असली वजह सामने आने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस ने महिला की जान बचाकर उसे सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया है।

