सहारनपुर में गोकश का हॉफ एनकाउंटर:फतेहपुर पुलिस से हुई मुठभेड़, एक फरार, टीम पर की बदमाश ने फायरिंग

सहारनपुर में गोकश का हॉफ एनकाउंटर:फतेहपुर पुलिस से हुई मुठभेड़, एक फरार, टीम पर की बदमाश ने फायरिंग

सहारनपुर में फतेहपुर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस की संदिग्ध बाइक सवार बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसका साथी जंगल और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में कॉम्बिंग कर रही है। पुलिस के अनुसार, सोमवार रात फतेहपुर पुलिस बड़कला से चमारीखेड़ा की ओर जाने वाली सड़क पर रजापुर कलाहटी कट के पास गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान चमारीखेड़ा की ओर से एक बाइक पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने संदिग्ध लगने पर बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही बाइक सवारों ने बाइक मोड़ी और तेज गति से रजापुर की ओर जाने वाली चकरोड पर भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। कुछ दूरी पर बाइक फिसलकर गिर गई। इसके बाद पुलिस को नजदीक आता देखकर बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी और उसे मौके से घायल अवस्था में पकड़ लिया गया। उसकी पहचान हरिद्वार के भगवानपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर भैंसवाल निवासी वरीश पुत्र नसीम के रूप में हुई। पुलिस ने वरीश के कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा, दो जिंदा और एक खोखा कारतूस, गोकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और एक बाइक बरामद की है। घायल वरीश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ हरिद्वार के भगवानपुर थाने में गोकशी और दुष्कर्म समेत सहारनपुर के गागलहेड़ी थाने में गोकशी के मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ करीब आधा दर्जन मुकदमे पंजीकृत बताए गए हैं। पुलिस ने फरार बदमाश की तलाश में आसपास के जंगल में कॉम्बिंग की। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को पकड़ने के लिए तलाश जारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *