डीग जिले में सरपंच चुनाव को लेकर दो पक्ष भिड़ गए। दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई, इसके बाद विवाद बढ़ गया और दोनों ने एक- दूसरे पर डंडों से हमला कर दिया। झगड़े में एक पक्ष से 2 युवकों के सिर फूट गए। जबकि 4 लोगों को हल्की चोटें आई हैं। घटना जिले के कुम्हेर थाना इलाके के साबोरा गांव में रविवार दोपहर की है। गोपाल ने बताया- गांव में सरपंच पद के चुनाव होने हैं। गांव के ही रंजीत और वीर सिंह अपने पक्ष में वोट डालने को लेकर दबाव बना रहे थे। 3 दिन पहले भी बाबू के पक्ष में वोट डालने को कहा था। इस बात पर हमारी रंजीत और उसके समर्थकों से कहासुनी भी हुई थी। हमनें शनिवार को कुम्हेर पुलिस में शिकायत भी दी थी। आज(रविवार) फिर से रंजीत और वीर सिंह ने बाबू के लिए वोट डालने के लिए दबाव बनाया। इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। जानकारी के अनुसार, कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों ने एक- दूसरे पर लाठी- डंडों से हमला कर दिया। 2 युवकों के सिर में गंभीर चोटें आई, हॉस्पिटल में दी सीपीआर
घटना में गोपाल के बेटे गौरव और भतीजे सचिन के सिर फूट गए। साथ ही गोपाल के परिवार के 4 लोगों के भी मामूली चोटें आई हैं। दोनों पक्षों ने एक- दूसरे के खिलाफ कुम्हेर थाने में क्रॉस शिकायत दी है। कुम्हेर थानाधिकारी जितेंद्र चौधरी ने बताया कि दोनों पक्ष एक दूसरे के खिलाफ शिकायत दे रहे हैं। दोनों की FIR दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

