सरकारी स्कूल के शौचालय पर जड़ा ताला, उखड़े नेता:भोपाल जिपं सदस्य बोलीं-लड़कियां परेशान; उपाध्यक्ष ने कहा-वार्डन वर्षों से क्यों जमे?

सरकारी स्कूल के शौचालय पर जड़ा ताला, उखड़े नेता:भोपाल जिपं सदस्य बोलीं-लड़कियां परेशान; उपाध्यक्ष ने कहा-वार्डन वर्षों से क्यों जमे?

भोपाल जिला पंचायत की शिक्षा समिति की मीटिंग में मंगलवार को सरकारी स्कूलों से जुड़े मुद्दों पर मंथन हुआ। उपाध्यक्ष मोहन सिंह जाट और सदस्य विनय मेहर ने वर्षों से जमे छात्रावास वार्डन और शिक्षकों को लेकर सवाल खड़े किए तो सदस्य चंद्रेश राजपूत ने एक स्कूल के शौचालय में ताला जड़ा होने पर नाराजगी जताई। बैठक में छात्रावास सहायक वार्डन को हटाने को लेकर समिति ने प्रस्ताव पास किया। शिक्षा स्थाई समिति की बैठक की अध्यक्ष सभापति व उपाध्यक्ष जाट ने की। डीईओ अभिनव आर्य ने बैठक का एजेंडा रखा और फिर बिंदुवार चर्चा शुरू की। सभापति जाट ने जिले में चल रहे बालक बालिका छात्रावासो में नेताजी सुभाष चंद्र बोस बालक छात्रावास हताई खेड़ा आनंद नगर के सहायक वार्डन दिनेश वंशकार एवं कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास बैरसिया में पदस्थ सहायक वार्डन फरहत यासमीन का विषय बठाया। कहा कि दोनों 12 वर्षों से अधिक समय से जमे हुए हैं। इनका व्यवहार छात्र-छात्राओं के प्रति खराब बर्ताव एवं अनियमिताओं की शिकायत बच्चों के अभिभावकों ने की है। दोनों को तत्काल हटाया जाए और उनकी जांच की जाए। इस दौरान उन्होंने एक शिक्षक और ठेकेदार के बीच बातचीत का ऑडियो भी मीटिंग में उपस्थित अधिकारी और जनशिक्षकों को सुनाया। इसके बाद डीईओ आर्य ने शिक्षक पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मेहर बोले- अगली बैठक तक ठोस कार्रवाई हो
सदस्य मेहर ने डीईओ आर्य और डीपीसी सिद्धार्थ जैन से कहा कि मैंने जिला पंचायत सामान्य एवं साधारण सभा की बैठकों में स्कूलों के सुधार के महत्वपूर्ण बिंदू दिए हैं। उन बिंदुओं पर अगली बैठक होने से पहले ठोस कार्रवाई होना चाहिए। अगर कार्रवाई नहीं की जाती है तो मैं जिला पंचायत के प्रतिनिधियों के साथ जिला शिक्षा अधिकारी के ऑफिस में ताला लगाने की कार्रवाई करूंगा। प्राचार्य शौचालय में ताला क्यों लगाते हैं?
सदस्य राजपूत ने कहा कि हाई स्कूल बागरोदा में बालिकाओं के शौचालय में प्राचार्य द्वारा ताला लगाया जाता है। जिसके कारण बालिकाओं को बाथरूम जाने के लिए परेशान होती है। कई घंटे तक बाथरूम को रोकती हैं। जिससे उनको काफी परेशानी होती है। इस पीड़ा को मैं समझती हूं। स्कूल के शौचालय बहुत गंदे हैं। शौचालय में लगा ताला खुलवाया जाए और दोषी पर कार्रवाई की जाए। ईंटखेड़ी के प्राचार्य को हटाने का प्रस्ताव पास
जिपं उपाध्यक्ष जाट ने ईट खेड़ी स्कूल के प्राचार्य को हटाने का प्रस्ताव भी पास किया। बैठक में निम्न बिंदुओं पर भी चर्चा कर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास किए गए। डीईओ आर्य ने बैठक में उपस्थित बीआरसी, जन शिक्षक एवं अधिकारी शिक्षकों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधि की मंशा अनुसार अपने-अपने क्षेत्र के स्कूलों में समय पर जाएं छात्र-छात्राओं को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराए। इस मौके पर बीआरसी बैरसिया रामकिशन गुर्जर, बीईओ विजेता सूर्यवंशी, विनोद गुप्ता, जन शिक्षक शरद गुप्ता आदि उपस्थित थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *