वेब सीरीज ‘द रॉयल्स’ की शूटिंग के लिए जयपुर में मौजूद बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही अचानक शूटिंग से ब्रेक लेकर मुंबई रवाना हो गईं। शुक्रवार देर रात उन्हें जयपुर एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया। एयरपोर्ट पर नोरा की सिक्योरिटी टीम मीडिया को उनके वीडियो बनाने से रोकती नजर आई। इसके बाद नोरा बिना रुके सीधे एयरपोर्ट के अंदर चली गईं। बताया जा रहा है कि दिल्ली की अदालत से समन मिलने के बाद नोरा ने मुंबई जाने का फैसला किया है। वहां वे अपने वकीलों के साथ बैठक कर आगामी कानूनी प्रक्रिया को लेकर चर्चा करेंगी। नोरा को दो नवंबर को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश होने का निर्देश दिया गया है। यह मामला कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपए के रंगदारी प्रकरण का है। अदालत ने नोरा को इस मामले में अभियोजन पक्ष की गवाह के रूप में अपना बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया है। ऐसे में जयपुर में चल रही शूटिंग के बीच उनका अचानक मुंबई रवाना होना चर्चा का विषय बना हुआ है।
यहां देखिए एयरपार्ट के फोटोज…
तीसरी सप्लीमेंट्री चार्जशीट में गवाह के तौर पर नाम सुकेश चंद्रशेखर पर आरोप है कि उसने दिल्ली की रोहिणी जेल में रहते हुए खुद को वरिष्ठ सरकारी अधिकारी बताकर पूर्व रैनबैक्सी प्रमोटर शिविंदर मोहन सिंह की पत्नी अदिति सिंह से करीब 200 करोड़ रुपए की रंगदारी वसूली थी। आरोप है कि उसने उनके पति को जेल से बाहर निकलवाने में मदद करने का भरोसा देकर रकम हासिल की थी। इसी मामले की जांच के दौरान नोरा फतेही से भी पूछताछ की गई थी। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, नोरा का नाम इस मामले में दाखिल तीसरी सप्लीमेंट्री चार्जशीट में गवाह के तौर पर दर्ज है। अदालत ने उन्हें दो नवंबर को पेश होने का निर्देश दिया है। नोरा को इस मामले में गवाही देने के लिए अदालत ने तलब किया है। ‘द रॉयल्स’ की शूटिंग के लिए जयपुर में थीं नोरा नोरा फतेही पिछले दिनों वेब सीरीज ‘द रॉयल्स’ के दूसरे सीजन की शूटिंग के सिलसिले में जयपुर आई थीं। सीरीज की शूटिंग जयपुर और आसपास की हेरिटेज लोकेशंस पर चल रही है। शाही परिवेश और राजस्थान की ऐतिहासिक लोकेशंस को कहानी का हिस्सा बनाया जा रहा है। शूटिंग के बीच नोरा के मुंबई रवाना होने से उनके शेड्यूल में बदलाव की संभावना है। हालांकि, उनकी ओर से शूटिंग पर लौटने को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। एक ही रात एयरपोर्ट पर दिखे कई चर्चित चेहरे शुक्रवार देर रात जयपुर एयरपोर्ट पर फिल्म और खेल जगत की कई जानी-पहचानी हस्तियों की मौजूदगी भी देखने को मिली। वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ में मुन्ना भैया के किरदार से लोकप्रिय हुए अभिनेता दिव्येंदु शर्मा एक क्लब में परफॉर्मेंस के लिए जयपुर पहुंचे। वहीं, पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह और अभिनेता अंगद बेदी भी एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शहर आए। इसके अलावा वरिष्ठ अभिनेता रजा मुराद भी एयरपोर्ट पर नजर आए। वे जयपुर में आयोजित एक इवेंट में शामिल होंगे। देर रात केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी की मौजूदगी भी एयरपोर्ट पर देखने को मिली। इस तरह एक ही रात में फिल्म, खेल और राजनीति से जुड़ी कई हस्तियों के जयपुर पहुंचने और यहां से रवाना होने के कारण एयरपोर्ट पर हलचल बनी रही।

