सब इंस्पेक्टर की मौत, 24 घंटे बाद FIR:अज्ञात रोडवेज बस चालक पर मुकदमा, पुलिस CCTV से तलाश में जुटी

सब इंस्पेक्टर की मौत, 24 घंटे बाद FIR:अज्ञात रोडवेज बस चालक पर मुकदमा, पुलिस CCTV से तलाश में जुटी

रामपुर में सब इंस्पेक्टर सुभाष चंद की सड़क हादसे में मौत के 24 घंटे बाद कोतवाली सिविल लाइंस पुलिस ने अज्ञात रोडवेज बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के जरिए हादसे में शामिल बस व उसके चालक की पहचान करने में जुटी है। लेकिन अभी तक बस और बस चालक का कोई सुराग पुलिस को नहीं मिल सका है। सड़क हादसा बीते बुधवार दोपहर करीब दो बजे हुआ। सब इंस्पेक्टर सुभाष चंद जिला अस्पताल की मोर्चरी से खाना खाने के बाद थाना शहजाद नगर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक को एक अज्ञात रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सब इंस्पेक्टर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेजा। मृतक के परिजनों को भी हादसे की जानकारी दी गई। सुभाष चंद मूल रूप से फर्रुखाबाद के निवासी थे और वर्तमान में बरेली के नकटिया इलाके में रह रहे थे। रामपुर के थाना शहजादनगर में तैनात थे। हादसे के बाद से पुलिस लगातार टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश कर रही थी। हालांकि, 24 घंटे बीत जाने के बाद भी न तो बस का पता चल सका और न ही चालक की पहचान हो पाई। इसके बाद मृतक के परिवार की तहरीर के आधार पर अज्ञात रोडवेज बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे प्रभारी निरीक्षक ओंकार सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर अज्ञात रोडवेज बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जल्द ही बस और चालक की पहचान कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच में जुटी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *