उमरिया जिले के तमन्नारा गांव में गुरुवार को एक प्रसूता की मौत के बाद हंगामा हो गया। शव के पास बैठी महिला द्वारा खुद को मौत का जिम्मेदार बताने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने उसे पेड़ से बांध दिया, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छुड़ाया। अस्पताल ले जाते समय हुई थी प्रसूता की मौत तमन्नारा निवासी मोसम बाई बैगा को परिजन प्रसव के लिए शहडोल मेडिकल कॉलेज ले जा रहे थे। रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई, जिसके बाद परिजन शव को वापस गांव ले आए। शव घर लाने के बाद गांव की गीता नाम की महिला वहां आकर बैठ गई। वह बार-बार “मैंने इसे मार दिया” कहने लगी, जिससे मृतका के परिजन और ग्रामीण उग्र हो गए। जादू-टोने का आरोप लगाकर ग्रामीणों ने बनाया बंधक परिजनों ने महिला पर जादू-टोना करने और अंतिम संस्कार में बाधा डालने का आरोप लगाया। विवाद बढ़ने पर ग्रामीणों ने महिला को पकड़कर गांव के एक पेड़ से बांध दिया। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर संभाला मामला सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और डिप्टी कलेक्टर प्रत्यूष श्रीवास्तव गांव पहुंचे। पुलिस ने महिला को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराया और पूछताछ के लिए थाने ले गई। प्रसूता की मौत के कारणों और मामले की सच्चाई की जांच जारी है।

