जौनपुर के मछलीशहर से सपा विधायक डॉ. रागिनी सोनकर ने दैनिक भास्कर से खास बातचीत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। सरकार ने युवाओं, आशा कार्यकर्ताओं और आंगनबाड़ी सहायिकाओं समेत कई वर्गों की उम्मीदें तोड़ी हैं। विधायक ने दावा किया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है और कानून व्यवस्था भी लगातार बिगड़ रही है। डॉ. रागिनी सोनकर ने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं को रोजगार देने में विफल रही है और प्रदेश में भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि संवैधानिक मूल्यों और आस्था में विश्वास रखने वाले लोगों का भरोसा भी सरकार ने तोड़ा है। विधायक ने सरकार पर चुनावी वादों और भाषणों के जरिए जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। ‘राम मंदिर के नाम पर वोट लिए, चढ़ावे को भी नहीं बख्शा’ राम मंदिर को लेकर विधायक ने भाजपा पर धर्म के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर में श्रद्धा से चढ़ाए गए चढ़ावे को भी नहीं बख्शा गया। यह सब चुनावी दांव-पेंच और भाषणबाजी तक सीमित है। डॉ. सोनकर ने सवाल उठाया कि अगर मुख्यमंत्री की राम मंदिर में इतनी आस्था है तो मंदिर में इतनी बड़ी चोरी कैसे हो गई? उन्होंने आरोप लगाया कि चोरी के बाद हुई एसआईटी जांच में भी निष्पक्षता नजर नहीं आई। विधायक ने तंज कसते हुए कहा, ‘जो राम के नहीं हुए, वे जनता के क्या होंगे।’ ‘दूध का दूध-पानी का पानी करने की बात कही थी’ सपा विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में ‘दूध का दूध और पानी का पानी’ करने की बात कही थी। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि यदि चढ़ावे में चोरी नहीं हुई और विपक्ष इस मामले में झूठ बोल रहा है तो मुख्यमंत्री मंचों से खुलकर यह दावा करें। विधायक का आरोप है कि मुख्यमंत्री ने इस मुद्दे पर सदन में न तो चर्चा की और न ही कोई जवाब दिया। पंचायत चुनाव में देरी पर भी सरकार को घेरा डॉ. रागिनी सोनकर ने पंचायत चुनाव में देरी को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इससे जनप्रतिनिधियों के अधिकार प्रभावित हुए हैं और चुनाव को आगे बढ़ाया गया है। जौनपुर में ग्राम प्रधानों का कार्यकाल खत्म होने के बाद पिछले तीन महीने से काम नहीं होने का भी उन्होंने दावा किया। विधायक ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधानों का शोषण हो रहा है और जिले स्तर से कोई कागज साइन होकर आगे नहीं बढ़ रहा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार में जिले के स्तर पर 10 प्रतिशत और ब्लॉक स्तर पर 7 प्रतिशत कमीशन लिया जा रहा है। उनके मुताबिक, छोटे जनप्रतिनिधियों के स्तर पर भी भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिला है। ‘आखिरी 6 महीने में पैसे-स्कूटी देने का दावा क्यों?’ महिलाओं को सरकार के कार्यकाल के आखिरी छह महीने में पैसे और स्कूटी देने के दावों पर भी सपा विधायक ने सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार पूरे कार्यकाल में कुछ नहीं देती और आखिरी छह महीने में योजनाओं के जरिए पैसे और सामान बांटने का दावा करती है। उन्होंने इसे चुनावी तैयारी का हिस्सा बताया। ‘यूपी में कानून व्यवस्था चौपट, अपराध बढ़ रहा’ कानून व्यवस्था के सवाल पर डॉ. सोनकर ने कहा कि उत्तर प्रदेश अपराध के मामले में टॉप पर है। उन्होंने एनसीआरबी के आंकड़ों का हवाला देते हुए महिलाओं के खिलाफ अपराध, दलितों पर अत्याचार और युवाओं की हत्याओं में बढ़ोतरी का दावा किया। उन्होंने जंतर-मंतर पर छात्राओं के साथ हुई कथित बर्बरता का जिक्र करते हुए कहा कि जब देश के बच्चों को नहीं छोड़ा गया तो पत्रकारों को क्या छोड़ेंगे। गोरखपुर को लेकर सांसद रवि किशन पर निशाना सपा विधायक ने गोरखपुर में सबसे ज्यादा अपराध होने का भी दावा किया। उन्होंने गोरखपुर के सांसद रवि किशन पर निशाना साधते हुए कहा कि वह ज्यादातर मुंबई और विदेश में रहते हैं। विधायक ने तंज किया कि शायद सांसद स्पेन में बैठकर सपने में खुद को गोरखपुर में देखते हैं। चंद्रशेखर आजाद से बोलीं- भाजपा पर भी उतना ही तीखा वार करें डॉ. रागिनी सोनकर ने आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर आजाद जितना तीखा वार विपक्ष पर कर रहे हैं, अगर उतना ही भाजपा पर करें तो उसका कुछ लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि समाज को दिशाहीन करने के बजाय लोकतंत्र और संविधान को मजबूत करने की जरूरत है।

