रीवा के गुढ़ थाना क्षेत्र के भैरव बाबा मोड़ पर गुरुवार शाम तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 4 साल की बच्ची शिवी तिवारी और 5 साल की शक्ति तिवारी की मौत हो गई। दोनों बच्चियां स्कूटी पर अपने दादा विंध्यवासिनी तिवारी उर्फ बबलू (55) के साथ सवार थीं। हादसे में गंभीर रूप से घायल विंध्यवासिनी तिवारी ने भी अस्पताल में दम तोड़ दिया। वहीं बाइक सवार पंकज सिंह (22), निवासी मझौली, जिला सीधी की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। कुल मिलाकर हादसे में अब तक कुल चार लोगों की मौत हो चुकी है। रक्षाबंधन मनाने खरीदारी करने आई थीं
जानकारी के अनुसार चौड़ीयार निवासी विंध्यवासिनी तिवारी गुरुवार को अपनी नातिन शिवी तिवारी (4) और उसकी बहन शक्ति तिवारी (5) को स्कूटी पर बैठाकर गुढ़ बाजार से लौट रहे थे। दोनों बच्चियां रक्षाबंधन के अवसर पर गुढ़ बाजार में खरीदारी करने आई थीं। इसी दौरान उन्हें रास्ते में अपने दादा मिल गए। इसके बाद बच्चियां उनके साथ स्कूटी से घर लौटने लगीं। बताया जा रहा है कि भैरव बाबा मोड़ के पास पहुंचते ही सीधी की तरफ से रीवा की ओर जा रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उनकी स्कूटी को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। बाइक पर तीन युवक सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार दादा और दोनों बच्चियां सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे में 4 साल की शिवी तिवारी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं उसकी बहन शक्ति तिवारी की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल विंध्यवासिनी तिवारी उर्फ बबलू को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई। दूसरी ओर बाइक सवार पंकज सिंह की हालत भी गंभीर थी और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। परिवार की दो मासूम बेटियों समेत दादा की भी मौत
एक ही परिवार की दो मासूम बच्चियों और उनके दादा की मौत से चौड़ीयार गांव में मातम पसरा है। रक्षाबंधन के लिए बाजार आई बच्चियों के साथ हुए हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही गुढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में बाइक की तेज रफ्तार को हादसे की वजह बताया जा रहा है। पुलिस बाइक पर सवार अन्य युवकों और हादसे की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

