सचेंडी में चलते ई-रिक्शा में लगी आग:चालक ने कूदकर बचाई जान, तारपीन का तेल और पेंट जलकर राख

सचेंडी में चलते ई-रिक्शा में लगी आग:चालक ने कूदकर बचाई जान, तारपीन का तेल और पेंट जलकर राख

कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र में सोमवार शाम भौती स्थित नेशनल हाईवे पर उस समय अफरातफरी मच गई, जब तारपीन का तेल, पेंट और झाड़ू के बंडल लेकर जा रहे एक ई-रिक्शा में अचानक आग लग गई। चलते ई-रिक्शा से उठी आग की लपटें देखते ही देखते विकराल हो गईं। चालक ने किसी तरह ई-रिक्शा से कूदकर अपनी जान बचाई। हाईवे पर आग की लपटें देख राहगीरों और वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। चलते हुए ई रिक्शा मे शार्ट सर्किट से लगी आग घटना भौती में सागर ढाबे से पहले सोमवार शाम की है। दादानगर निवासी चालक चंदन ई-रिक्शा में फजलगंज-दादानगर से तारपीन के तेल के चार डिब्बे, पेंट और झाड़ू के बंडल लादकर सचेंडी क्षेत्र के भैलामऊ जा रहा था। इसी दौरान हाईवे पर अचानक ई-रिक्शा से धुआं उठने लगा। चालक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही आग ने ई-रिक्शा को अपनी चपेट में ले लिया। ई-रिक्शा में ज्वलनशील तारपीन का तेल और पेंट लदा होने के कारण आग ने कुछ ही पलों में विकराल रूप ले लिया। तेज लपटें उठती देख चालक चंदन ने तत्काल ई-रिक्शा रोककर उससे बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते ई-रिक्शा धू-धूकर जलने लगा। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि हाईवे से गुजर रहे वाहन चालक भी अपने वाहन रोककर घटना देखने लगे। इससे कुछ देर के लिए हाईवे पर अफरातफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने दी पुलिस को सूचना सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम को मौके के लिए रवाना किया गया। हालांकि टीम के पहुंचने से पहले ही आग बुझ चुकी थी, लेकिन तब तक ई-रिक्शा में लदा पूरा माल और वाहन बुरी तरह जल चुका था। घटना में किसी के झुलसने या जनहानि की सूचना नहीं है। चालक चंदन ने बताया कि ई-रिक्शा उसी का है। वह माल लेकर भैलामऊ जा रहा था। अचानक वाहन में आग लगने से वह घबरा गया और तत्काल बाहर निकल आया। आग इतनी तेजी से फैली कि उसे सामान निकालने का मौका तक नहीं मिला। थाना प्रभारी बोले- जांच पड़ताल जारी सचेंडी थाना प्रभारी दीना नाथ मिश्रा ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया शार्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। ज्वलनशील सामग्री लदी होने के कारण आग तेजी से फैली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और घटना की जांच शुरू कर दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *