संभल में ट्रेनिंग के दौरान दो ट्रेनी सिपाही भिड़े:नाक और आंख में चोट लगी, हायर सेंटर रेफर; एसपी बोले- दौड़ते समय गिरने से चोट लगी

संभल में ट्रेनिंग के दौरान दो ट्रेनी सिपाही भिड़े:नाक और आंख में चोट लगी, हायर सेंटर रेफर; एसपी बोले- दौड़ते समय गिरने से चोट लगी

संभल में बनाए गए अस्थाई पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में सोमवार शाम ट्रेनिंग के दौरान दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। दोनों को नाक, आंख और छाती में चोट आई है। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया। बाद में दोनों को बहजोई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है। मामला बहजोई क्षेत्र के ईश्वरदास टेक्निकल इंस्टीट्यूट का है। दौड़ के दौरान हुआ विवाद ट्रेनिंग सेंटर में गगन उपाध्याय पुत्र ओमप्रकाश उपाध्याय और अंकित सिंह पुत्र मन्नू सिंह ट्रेनिंग ले रहे हैं। बताया जा रहा है कि शाम की शिफ्ट में दौड़ के दौरान दोनों के आगे-पीछे होने को लेकर कहासुनी हुई। इसके बाद दोनों के बीच विवाद की बात सामने आई। घटना के बाद ट्रेनिंग सेंटर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। दोनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहजोई लाया गया। इसके बाद मामले की जानकारी सामने आई और अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी। डॉक्टर ने चोटों की पुष्टि की सीएचसी बहजोई के डॉ. सचिन वर्मा ने बताया कि ट्रेनिंग सेंटर से दो ट्रेनी पुलिसकर्मी गगन और अंकित को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था। दोनों के नाक, आंख और छाती में चोट थी। चोट कैसे लगी, इसकी उन्हें जानकारी नहीं थी। प्राथमिक इलाज के बाद दोनों को हायर सेंटर रेफर किया गया। दोनों के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। एसपी बोले- गिरने से घायल हुए सोमवार रात करीब 9:30 बजे एसपी विकास चंद्र पांडेय ने मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अस्थाई ट्रेनिंग सेंटर में पुलिसकर्मी की ट्रेनिंग चल रही थी। शाम की शिफ्ट में दौड़ लगाते समय आगे-पीछे होने के दौरान दोनों जमीन पर गिरकर घायल हुए। एसपी ने कहा कि दोनों को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया था। अभी तक झगड़े की बात सामने नहीं आई है और पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ट्रेनिंग सेंटर में किसी भी तरह की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *