संभल में आवारा कुत्ते का आतंक:आधा दर्जन बच्चों समेत 15 लोगों को काटा, कई पशु भी जख्मी; गांव में दहशत

संभल में आवारा कुत्ते का आतंक:आधा दर्जन बच्चों समेत 15 लोगों को काटा, कई पशु भी जख्मी; गांव में दहशत

संभल के जुनावई थाना क्षेत्र के अजीजपुर गांव में एक आवारा कुत्ते ने शनिवार रात से रविवार तक जमकर आतंक मचाया। कुत्ते ने आधा दर्जन मासूम बच्चों समेत करीब 15 लोगों को काट लिया। इसके अलावा कई ग्रामीणों की गाय-भैंस और आश्रमों में बंधी गायों को भी अपना शिकार बनाया। रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे बच्चों समेत आठ लोगों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुनावई में भर्ती कराया गया। कुत्ते के लगातार हमलों से गांव में दहशत का माहौल है। अस्पताल जाते समय भी किया हमला अजीजपुर गांव बहजोई जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर है। शनिवार रात करीब नौ बजे गांव निवासी जयप्रकाश (50) और राजपाल (40) को कुत्ते ने काट लिया था। रविवार सुबह करीब 11:15 बजे दोनों इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुनावई जा रहे थे, तभी कुत्ते ने दोबारा हमला कर दिया। इसके बाद कुत्ते ने जयप्रकाश के 32 वर्षीय बेटे अवनेश, 72 वर्षीय पर्वत, कक्षा तीन के छात्र किशन (8), कक्षा एक की छात्रा आसमी (5) और कक्षा एक के छात्र दीपक (6) समेत कई लोगों को काट लिया। ग्रामीणों के अनुसार, गांव में 5-6 अन्य लोगों को भी कुत्ते ने काटा है। इन लोगों ने निजी अस्पतालों में उपचार कराया और सरकारी अस्पताल नहीं पहुंचे। कई पशुओं को भी बनाया शिकार आवारा कुत्ते ने ग्रामीणों के पशुओं पर भी हमला किया। कैलाश की करीब सवा लाख रुपये कीमत की दुधारू भैंस, टिंकू की करीब 15 हजार रुपये कीमत की गाय, काले के 15 दिन के कटरे और शुगड़पाल के दो पशुओं को कुत्ते ने काट लिया। इसके अलावा समाधि बाबा मंदिर और बालक बाबा आश्रम में बंधी एक-एक गाय भी कुत्ते के हमले में जख्मी हुई है। प्रशासन को दी सूचना ग्राम प्रधान प्रशासक कृष्णावती के बेटे प्रवीन कुमार ने बताया कि आवारा कुत्ते ने कई ग्रामीणों और स्कूल जाने वाले बच्चों को काटा है। कई पशुओं को भी उसने घायल किया है। इसकी सूचना तहसील प्रशासन को दी गई है। पशुपालक टिंकू ने बताया कि उनकी करीब डेढ़ साल की गाय घर में बंधी थी। रात में किसी समय कुत्ते ने उसे काट लिया। काले के अनुसार, कुत्ते के काटने के बाद भैंस ने खूंटा उखाड़ दिया, तब घटना की जानकारी हुई। ग्रामीण रक्षपाल ने बताया कि रात में सोते समय भी कुत्ते ने कई लोगों पर हमला किया। वहीं ग्रामीण अवधेश के अनुसार, जयप्रकाश पर कुत्ते ने सबसे पहले हमला किया था, जिसके बाद उनके बेटे को भी काट लिया। ग्रामीणों का कहना है कि अब तक करीब 15 लोग कुत्ते के हमले का शिकार हो चुके हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *