संतकबीरनगर में युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दी:प्रेम प्रसंग का मामला, आर्केस्ट्रा डांसर पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप

संतकबीरनगर में युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दी:प्रेम प्रसंग का मामला, आर्केस्ट्रा डांसर पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप

संतकबीरनगर में खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के गंगौली गांव निवासी 20 वर्षीय युवक की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। रविवार को सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया। मृतक के भाई ने प्रेम प्रसंग में विवाद को लेकर बनकटिया स्थित एक आर्केस्ट्रा कंपनी की डांसर पर युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि अभी मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। गंगौली गांव निवासी जितेंद्र पुत्र स्वर्गीय अभिमन्यु फर्नीचर कारीगर था। वह तीन भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाई दीपक कुमार और वीरेंद्र कुमार मुंबई में फर्नीचर का कारोबार करते हैं। जितेंद्र भी करीब चार महीने पहले काम के सिलसिले में मुंबई गया था। वह पांच अक्टूबर को घर लौटा था। डांसर के मोबाइल से परिजनों को मिली सूचना पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के भाई दीपक कुमार के मुताबिक, बनकटिया स्थित एक आर्केस्ट्रा कंपनी की डांसर से जितेंद्र का प्रेम प्रसंग था। किसी विवाद को लेकर डांसर ने महिला थाने में शिकायत की थी। शनिवार दोपहर जितेंद्र किसी काम से महिला थाना गया था। इसके बाद वह बनकटिया पहुंचा और फिर खलीलाबाद में कुछ खाया-पीया। दीपक के मुताबिक, शाम करीब पांच बजे संबंधित युवती के मोबाइल फोन से परिजनों को सूचना मिली कि जितेंद्र ने जहरीला पदार्थ खा लिया है और गांव में एक झोपड़ी में बैठा है। जानकारी मिलते ही परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हालांकि, परिजन उसे खलीलाबाद के एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मां और भाई का रो-रोकर बुरा हाल मृतक के भाई दीपक ने आरोप लगाया कि प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद के बाद डांसर ने जितेंद्र को आत्महत्या के लिए उकसाया, जिसके बाद उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालांकि, इन आरोपों की अभी पुलिस स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है। जितेंद्र की मौत से मां जुबरा देवी और मुंबई से लौटे भाई दीपक कुमार का रो-रोकर बुरा हाल था। परिवार में सबसे छोटे बेटे की मौत से परिजन सदमे में हैं। खलीलाबाद कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश दूबे ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया था। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *