संजय टाइगर रिजर्व के दुबरी वन परिक्षेत्र की खैरी झील में 9 अक्टूबर को हाथी महोत्सव और रिजुवनेशन कैंप शुरू हुआ। यह शिविर 14 अक्टूबर तक चलेगा। जहाँ आज शनिवार को हाथियों के लिए स्वास्थ्य कैंप का आयोजन किया गया जिसमें क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। इसमें हाथियों के स्वास्थ्य की जांच और उनकी खास देखभाल की जाएगी। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश पूजन से हुई। वन्य प्राणी विशेषज्ञ डॉ. अभय सेंगर और जबलपुर की टीम ने चार हाथियों – बापू, भरत, चित्रा और शांभवी का स्वास्थ्य परीक्षण किया। खून और गोबर के नमूने जांच के लिए भेजे गए। हाथियों की तेल मालिश कर उन्हें केला, नारियल, सेब, अनार और गन्ना खिलाया गया। महावतों को वर्दी, जूते और टॉर्च भी मिलीं। धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम, कलेक्टर विकास मिश्रा और संजय टाइगर रिजर्व के उप संचालक राजेश कन्ना टी. कार्यक्रम में मौजूद थे। आईडीबीआई बैंक ने पेट्रोलिंग श्रमिकों को टॉर्च, मच्छरदानी और पानी की बोतलें दीं। विधायक टेकाम और कलेक्टर मिश्रा ने स्थानीय लोगों को वन संरक्षण से जोड़ने और रोजगार पर जोर दिया।

