श्रावस्ती में युवती की मौत, स्कूल प्रबंधक समेत 5 गिरफ्तार:राप्ती नदी में 5 दिन बाद मिला था शव, सुसाइड नोट मिलने का किया गया दावा

श्रावस्ती में युवती की मौत, स्कूल प्रबंधक समेत 5 गिरफ्तार:राप्ती नदी में 5 दिन बाद मिला था शव, सुसाइड नोट मिलने का किया गया दावा

श्रावस्ती में राप्ती नदी में शुभी सिंह का शव मिलने के मामले में कोतवाली भिनगा पुलिस ने स्कूल प्रबंधक समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सोमवार सुबह 9 बजे पुलिस ने बताया कि युवती के पिता ने आरोपियों पर बेटी को प्रताड़ित करने और साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया था। शिकायत के आधार पर आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। कोतवाली भिनगा क्षेत्र के चकवा गांव की रहने वाली शुभी सिंह 12 अक्टूबर को सुबह करीब 11 बजे लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की और पुलिस को सूचना दी। परिवार के अनुसार, युवती की अंतिम लोकेशन राप्ती नदी के भकला पुल के पास मिली थी। इसके बाद से ही पुलिस और परिजन उसकी तलाश में जुटे थे। पांच दिन बाद, 17 अक्टूबर को नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्र के जीवनरायनपुर गांव के पास राप्ती नदी में तलाश के दौरान SDRF की टीम ने उसका शव बरामद किया। शुभी के पिता राजेश कुमार सिंह ने सेंट एंथोनी पब्लिक स्कूल के प्रबंधक पुष्कर मोहन मिश्रा, शिक्षिका सुप्रिया सिंह, इशिका सिंह उर्फ रिचा सिंह और शालिनी सिंह व शमीम अहमद के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी थी। पिता ने आरोप लगाया था कि उनकी बेटी को प्रताड़ित किया गया, जिससे आहत होकर उसने आत्महत्या कर ली। उन्होंने मामले में कथित साजिश की आशंका भी जताई थी। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांचों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मामले की विवेचना और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रभारी निरीक्षक राज प्रकाश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम जुटी थी। पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, युवती द्वारा लिखा गया एक सुसाइड नोट भी बरामद होने का दावा किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इसमें युवती ने अपनी मौत के जिम्मेदार लोगों को सजा दिलाने की मांग की है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। युवती की मौत के कारणों और पिता की ओर से लगाए गए आरोपों की सच्चाई जानने के लिए विवेचना जारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *