श्रावस्ती में दुर्गा विसर्जन में नहीं बजेगा डीजे:बैंड-बाजे के साथ होगी मां की विदाई, बलरामपुर में बच्चे की मौत की घटना से लिया सबक

श्रावस्ती में दुर्गा विसर्जन में नहीं बजेगा डीजे:बैंड-बाजे के साथ होगी मां की विदाई, बलरामपुर में बच्चे की मौत की घटना से लिया सबक

श्रावस्ती में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान तेज आवाज वाले DJ के इस्तेमाल को लेकर लक्ष्मननगर श्री नव दुर्गा पूजा समिति ने अहम पहल की है। बलरामपुर में गणेश विसर्जन के दौरान DJ के शोर से एक मासूम की मौत की घटना से सबक लेते हुए समिति ने इस बार मां दुर्गा की विदाई DJ के बजाय पारंपरिक बैंड-बाजे के साथ करने का निर्णय लिया है। समिति का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य ध्वनि प्रदूषण कम करने के साथ लोगों की सुरक्षा का ध्यान रखना और दूसरे पूजा आयोजकों को भी प्रेरित करना है। तेज आवाज से बुजुर्गों और बच्चों को परेशानी समिति के अध्यक्ष राम धीरज वर्मा ने बताया कि तेज आवाज में DJ बजने से ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है। इसका असर बुजुर्गों, बीमार लोगों और बच्चों पर पड़ता है। बलरामपुर की घटना ने सभी को सोचने पर मजबूर किया है। इसी को ध्यान में रखते हुए समिति ने विसर्जन यात्रा में DJ का इस्तेमाल नहीं करने का फैसला लिया है। पारंपरिक बैंड-बाजे के साथ होगी विदाई राम धीरज वर्मा ने कहा कि धार्मिक आयोजनों में DJ बजाना अनिवार्य नहीं है। मां दुर्गा की विदाई पारंपरिक बैंड-बाजे के साथ भी पूरी श्रद्धा और उत्साह से की जा सकती है। इससे तेज आवाज से होने वाली परेशानी कम होगी और धार्मिक परंपरा के अनुरूप विसर्जन भी संपन्न होगा। दूसरे पूजा आयोजकों से भी की अपील समिति को उम्मीद है कि इस पहल से दूसरे पूजा आयोजक भी प्रेरित होंगे और विसर्जन यात्राओं में तेज आवाज वाले DJ के इस्तेमाल से परहेज करेंगे। स्थानीय लोगों और बुद्धिजीवियों ने भी इस फैसले का समर्थन किया है। उनका कहना है कि धार्मिक आयोजनों में आस्था और उल्लास के साथ लोगों की सुरक्षा और दूसरों की सुविधा का ध्यान रखना भी जरूरी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *