बुलंदशहर। गंग नहर की पटरी पर युवाओं द्वारा विशालकाय अजगरों के साथ स्टंट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवक अजगरों को गले में लपेटकर और हाथों में उठाकर नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग और पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। वन विभाग की टीम वीडियो की जांच कर रही है, जबकि पुलिस और साइबर सेल युवकों की पहचान करने में जुटी हैं। वायरल वीडियो में 4 से 5 युवक विशालकाय अजगरों को हाथों में उठाकर और गले में लपेटकर स्टंट करते दिखाई दे रहे हैं। युवक बेखौफ अंदाज में वीडियो बनवाते नजर आ रहे हैं। इस घटना को लेकर वन्यजीव प्रेमियों और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। हालांकि, वीडियो कब का है और गंग नहर की पटरी पर किस स्थान पर बनाया गया, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वन विभाग की टीम कर रही जांच जिला वन अधिकारी (DFO) डॉ. हरेंद्र सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो का संज्ञान लिया गया है। वन विभाग की विशेष टीम मामले की जांच कर रही है। वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों और घटना से जुड़ी परिस्थितियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस और साइबर सेल जुटी पहचान में सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस और साइबर सेल की टीमें युवकों की पहचान करने में जुटी हैं। जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

