शिव मंदिर में महाआरती में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब:शामली में शिव चौक पर गूंजी ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ का जयघोष

शिव मंदिर में महाआरती में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब:शामली में शिव चौक पर गूंजी ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ का जयघोष

शामली में कांवड़ यात्रा के पावन अवसर पर मंगलवार शाम शिव चौक स्थित श्री हनुमान सेवा समिति शिव मंदिर की ओर से भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, जिससे शिव चौक पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान पूरा क्षेत्र ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंज उठा। महाआरती के लिए बाबा भोलेनाथ का अलौकिक और आकर्षक श्रृंगार किया गया, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद महाआरती संपन्न हुई। इसके बाद रंग-बिरंगी आतिशबाजी की गई, जिसने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के अंत में भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम की जिम्मेदारी श्री हनुमान सेवा समिति के पदाधिकारियों ने संभाली। समिति अध्यक्ष योगेश सिंगल, महामंत्री दिनेश जैन, कोषाध्यक्ष पंकज गोयल, संगठन मंत्री सुधीर गोस्वामी और प्रोजेक्ट अध्यक्ष सुनील निरवल सहित मनोज मित्तल, निशिकांत संगल, अनिल उपाध्याय, सभासद अंकित गोयल और व्यापारी नेता घनश्याम दास गर्ग मौजूद रहे। समिति पदाधिकारियों ने कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का फूलमालाओं से स्वागत किया। महाआरती में पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा, सदर विधायक प्रसन्न चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष रामजीलाल कश्यप, नगर पालिका चेयरमैन अरविंद संगल, मानस राजासंगल, जिलाधिकारी आलोक यादव और पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और श्रद्धालु शामिल हुए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि जनमानस के सहयोग के बिना कांवड़ मेला सफल नहीं हो सकता। उन्होंने शिवभक्तों की सेवा के लिए जगह-जगह सेवा शिविर, चिकित्सा शिविर और कांवड़ सेवा शिविर लगाने वाले संगठनों और लोगों की सराहना की। एसपी ने पुलिसकर्मियों की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि जवानों ने धूप और बारिश की परवाह किए बिना दिन-रात मेहनत कर कांवड़ियों की सुरक्षा और व्यवस्था संभाली। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता शिवभक्तों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाना रही है। उन्होंने कांवड़ मेले को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सेवा संगठनों, समितियों, स्वयंसेवकों, व्यापारियों और आमजन का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. अनुराग शर्मा ने किया। अंत में समिति पदाधिकारियों ने अतिथियों और श्रद्धालुओं का आभार जताया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *