शिवपुरी शहर में चार दिन तक हुई तेज बारिश के बाद अब नुकसान सामने आने लगे हैं। मंगलवार शाम नवाब साहब रोड पर एक मकान का करीब आधा हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। मकान का छज्जा, बाथरूम और पीछे का हिस्सा गिरने से मलबा सड़क और आसपास के हिस्से में फैल गया। मकान का हिस्सा गिरने के दौरान वहां खड़ी तीन मोटरसाइकिलें भी मलबे में दब गईं। हादसे में तीनों बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने में मदद की। चार दिन की बारिश से कमजोर हुआ मकान मकान मालिक सुनील रजक ने बताया कि पिछले चार दिनों से लगातार तेज बारिश हो रही थी। बारिश के कारण मकान का हिस्सा कमजोर हो गया था। मंगलवार शाम अचानक मकान का बड़ा हिस्सा गिर गया। उन्होंने बताया कि मकान के अंदर रखा सामान भी मलबे में दबने से खराब हो गया। मलबे में दबी तीनों मोटरसाइकिलों की कीमत करीब ढाई लाख रुपए बताई गई है। मकान और बाइक मिलाकर 5 लाख के नुकसान का अनुमान सुनील रजक के मुताबिक, मकान के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत और दोबारा निर्माण में करीब ढाई लाख रुपए का खर्च आने का अनुमान है। वहीं, तीनों मोटरसाइकिलों की कीमत भी करीब ढाई लाख रुपए है। इस तरह मकान और वाहनों को मिलाकर करीब 5 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। हादसे के समय कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था गनीमत रही कि मकान का हिस्सा गिरने के दौरान कोई व्यक्ति उसकी चपेट में नहीं आया। इससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने में परिवार की मदद की। बारिश रुकने के बाद प्रभावित परिवार ने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन कराने की मांग की है। परिवार का कहना है कि नियमों के अनुसार उन्हें राहत और मुआवजा दिलाया जाए।

