शिल्पा राव संग दुर्व्यवहार पर भड़कीं फिल्ममेकर सुलग्ना चटर्जी, बॉम्बे म्यूजिक प्रोजेक्ट विवाद पर बोलीं- अचानक लाइट बंद कर दीं

शिल्पा राव संग दुर्व्यवहार पर भड़कीं फिल्ममेकर सुलग्ना चटर्जी, बॉम्बे म्यूजिक प्रोजेक्ट विवाद पर बोलीं- अचानक लाइट बंद कर दीं

Sulagna Chatterjee On Shilpa Rao Concert: मुंबई में 24 अक्टूबर को आयोजित ‘बॉम्बे म्यूजिक प्रोजेक्ट’ (BMP) का रंगारंग मंच विवादों के साए में आ गया है। वो संगीत की हसीन शाम बदइंतजामी और कलाकारों के अनादर की गवाह बन गई। फेमस सिंगर शिल्पा राव (Shilpa Rao) की लाइव परफॉर्मेंस को जिस तरह अचानक बीच में ही बंद कर दिया गया, उससे वहां मौजूद दर्शक और संगीत जगत हैरान है। इस पूरे घटनाक्रम पर फिल्ममेकर सुलग्ना चटर्जी (Sulagna Chatterjee) ने अपना गुस्सा निकाला है और आयोजकों के दोहरे मापदंडो को लेकर सवाल उठाए हैं।

बॉम्बे म्यूजिक प्रोजेक्ट को लेकर भड़की फिल्ममेकर सुलग्ना चटर्जी

फिल्ममेकर सुलग्ना चटर्जी ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया है। जिसके अनुसार, जब शिल्पा राव रात करीब 8:30 बजे स्टेज पर आईं, तब तक फेस्टिवल पहले ही अपने तय समय से काफी पीछे चल रहा था। शिल्पा ने जैसे ही अपना फेमस गाना ‘तोसे नैना लगे’ शुरू किया, उनका माइक्रोफोन अचानक बंद हो गया। लेकिन, तकनीकी दिक्कतों के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और बिना माइक के बेहद सुरीले अंदाज में गाना जारी रखा। उन्होंने ‘खुदा जाने’ और ‘कलंक’ सहित चार शानदार गाने गाए।

स्थिति तब बेहद अजीब और अपमानजनक हो गई जब शिल्पा अपने सुपरहिट गाने ‘चुट्टामल्ले’ का कोरस गा रही थीं। सुलग्ना ने बताया, “अचानक स्टेज की लाइटें बंद कर दी गईं और दूसरे स्टेज पर कुटले खान ने अपनी परफॉर्मेंस शुरू कर दी। शिल्पा अंधेरे में अकेले वहीं खड़ी रह गईं।” इसके बाद जब शिल्पा अपने फैंस को अलविदा कहने के लिए दोबारा मंच पर आईं, तो उन्हें बोलने तक का मौका नहीं दिया गया। उनके फेयरवेल स्पीच के बीच में ही फिर से दूसरे कलाकार का गाना शुरू कर दिया गया, जिससे दर्शकों का दिल टूट गया।

हिमेश रेशमिया को पूरा समय, शिल्पा के साथ पक्षपात क्यों?

सुलग्ना चटर्जी ने आयोजकों के दोहरे रवैये पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि जब शो देरी से चल रहा था, तब भी गायक हिमेश रेशमिया को अपना पूरा सेट परफॉर्म करने का मौका दिया गया। रात 10 बजे जब आयोजकों ने हिमेश का भी माइक काटने की कोशिश की, तो उन्होंने साफ कह दिया कि उनकी मेडली बची हुई है और उन्हें गाने दिया गया।

सुलग्ना ने सवाल उठाते हुए पूछा कि जब एक पुरुष कलाकार को समय बढ़ाने की छूट दी जा सकती है, तो देश की इतनी बड़ी गायिका शिल्पा राव के साथ ऐसा दुर्व्यवहार और पक्षपात क्यों किया गया? वहीं, सोशल मीडिया पर भी लोग अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही है। कोई शिल्पा राव का सपोर्ट कर रहा है तो हिमेश रेशमिया के फैंस उन्हें सपोर्ट कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *