शाहजहांपुर में जलाने के प्रयास का आरोप:महिला ने पति समेत ससुराल वालों पर FIR कराई

शाहजहांपुर में जलाने के प्रयास का आरोप:महिला ने पति समेत ससुराल वालों पर FIR कराई

शाहजहांपुर में एक महिला ने अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। उस पर मारपीट करने और जिंदा जलाने का भी प्रयास किया गया, जिससे उसके शरीर का कुछ हिस्सा जल गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह मामला पीलीभीत जिले के बरखेड़ा थाना क्षेत्र के बरगदा गांव की रहने वाली ममता देवी से जुड़ा है। उनकी शादी 11 साल पहले शाहजहांपुर जिले के बंडा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर भारती गांव निवासी राजेश कुमार से हुई थी। ममता देवी के अनुसार, शादी के कुछ समय बाद से ही उनके पति और ससुराल वालों ने उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। छोटी-छोटी बातों पर गाली-गलौज, मारपीट और अमानवीय व्यवहार किया जाता था। कई बार मारपीट कर उन्हें घर से निकाल दिया गया, जिसके बाद मायके पक्ष ने पंचायतों के माध्यम से समझौता कराकर उन्हें वापस ससुराल भेजा। पीड़िता ने बताया कि 18 जुलाई की दोपहर पति और ससुराल वालों ने एक बार फिर उनके साथ मारपीट की। इस दौरान आरोपियों ने उन्हें जिंदा जलाने का प्रयास किया, जिससे उनके शरीर का कुछ हिस्सा जल गया और उन्हें गंभीर चोटें आईं। चार अगस्त को आरोपी ममता देवी को उनके मायके के बाहर छोड़कर फरार हो गए। पीड़िता ने आरोपियों से अपनी जान का खतरा बताया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *