शामली में दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर शुक्रवार देर शाम हुए हादसे में रिसर्च साइंटिस्ट विशाल की मौत हो गई। वह दिल्ली से दोस्त की कार लेकर यमुनानगर स्थित घर जा रहे थे। शनिवार शाम उन्हें कंपनी के वार्षिक कार्यक्रम में परिवार के साथ शामिल होना था। एक साल के बेटे से मिलने की खुशी भी थी, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही हादसे में उनकी जान चली गई। बाबरी थाना क्षेत्र में तेज टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। विशाल की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहन के अंदर से उनका शव बरामद किया। शनिवार सुबह परिजन शामली पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे तो परिवार में मातम छा गया। आधे घंटे सवारी का इंतजार किया विशाल के दोस्त सुमित कुमार ने बताया कि वह करीब पांच साल से उनके साथ काम कर रहे थे। शुक्रवार को विशाल दोस्त शुभम की कार लेकर दिल्ली से निकले थे। रास्ते में पेट्रोल पंप पर तेल भरवाते समय उन्होंने सुमित से फोन पर बात की थी। विशाल ने बताया था कि वह यमुनानगर जाने वाली किसी सवारी का इंतजार कर रहे हैं, ताकि साथ जा सकें। करीब आधे घंटे तक इंतजार करने के बाद जब कोई सवारी नहीं मिली तो वह अकेले ही यमुनानगर के लिए निकल पड़े। डेढ़ घंटे बाद आया पुलिस का फोन सुमित के मुताबिक, विशाल के वहां से निकलने के करीब डेढ़ घंटे बाद शामली पुलिस का फोन आया। पुलिस ने हादसे की जानकारी दी। जिस दोस्त से कुछ देर पहले फोन पर बातचीत हुई थी, उसकी मौत की खबर सुनकर परिवार और दोस्तों को विश्वास नहीं हुआ। बेटे के सिर से उठा पिता का साया शनिवार सुबह पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे विशाल के चचेरे भाई संकेत ने बताया कि विशाल के पिता अश्वनी कुमार डेंटिस्ट थे और यमुनानगर में क्लीनिक चलाते थे। करीब 15 साल पहले उनका निधन हो गया था। उनकी मां पूनम गांव बहरामपुर में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता हैं। विशाल के परिवार में उनकी पत्नी प्रिया और करीब एक साल का बेटा है। जिस पिता के लौटने का इंतजार मासूम कर रहा था, वह अब कभी वापस नहीं आएगा। शनिवार शाम परिवार के साथ कंपनी के कार्यक्रम में शामिल होने की तैयारी थी, लेकिन उसी दिन परिवार को उनकी अंतिम विदाई की तैयारी करनी पड़ी। विशाल ग्रेटर नोएडा की Teva API India Limited में रिसर्च साइंटिस्ट के पद पर कार्यरत थे। शनिवार शाम चार बजे कंपनी का वार्षिक कार्यक्रम होना था। वह इसी कार्यक्रम में परिवार के साथ शामिल होने के लिए यमुनानगर जा रहे थे। हादसे की सूचना कंपनी के सहकर्मियों तक पहुंची तो वहां भी शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी बाबरी थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया कि वाहन के अंदर युवक का शव मिला था। घटनास्थल के आसपास जांच में फिलहाल कोई दूसरा वाहन नहीं मिला है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। क्षतिग्रस्त कार को हाइड्रा की मदद से हटवाया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

