शामली में बदमाशों ने गोली मारकर युवक की हत्या की:ग्रामीणों ने दौड़ाकर दोनों को पकड़ा, पीटकर किया अधमरा

शामली में बदमाशों ने गोली मारकर युवक की हत्या की:ग्रामीणों ने दौड़ाकर दोनों को पकड़ा, पीटकर किया अधमरा

शामली में सोमवार देर रात बदमाशों को गांव के लोगों ने दौड़ा लिया। इस दौरान बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। गुस्साए ग्रामीणों ने दौड़ाकर दोनों बदमाशों को पकड़ लिया। दोनों को जमकर पीटा। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने गोली लगने से घायल युवक और दोनों बदमाशों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां गोली लगने से घायल युवक को डॉक्टरों ने मृत करार दे दिया। दोनों बदमाशों का इलाज चल रहा है। वारदाम कैराना के तीतरवाड़ा गांव में सोमवार रात करीब 10 बजे हुई। मृतक का नाम तीतरवाड़ा निवासी तसव्वर है। पुलिस के अनुसार, गांव में कुछ संदिग्ध लोगों के पहुंचने की सूचना पर ग्रामीण मौके पर जमा हो गए थे। ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख आरोपी भागने लगे। इसी दौरान उन्होंने कथित तौर पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से तसव्वर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाने पर मृत घोषित कर दिया गया। ग्रामीणों ने पीछा कर मुबारक और सोनित नामक दो आरोपियों को पकड़ लिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने पकड़े गए दोनों आरोपियों की पिटाई भी की। घटना की सूचना मिलते ही कैराना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को हिरासत में ले लिया। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पुलिस की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है, जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फायरिंग और युवक की मौत के मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। तहरीर और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, इस घटना के पीछे पुरानी रंजिश हो सकती है। बताया गया है कि कैराना के मंसूरा निवासी बिलाल कुछ समय पहले जेल गया था। इसी दौरान तीतरवाड़ा निवासी सद्दाम का बिलाल के घर आना-जाना शुरू हो गया। आरोप है कि सद्दाम बिलाल की पत्नी से बातचीत करने लगा था। जेल से बाहर आने पर बिलाल को इसकी जानकारी हुई, जिसके बाद से दोनों पक्षों में तनाव था।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *